मुंबई

Mumbai Accident: बेस्ट बस हादसे के मृतकों के परिजनों को 5 लाख देगी महाराष्ट्र सरकार, गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज

Mumbai BEST Bus Accident : कुर्ला इलाके में यह दुर्घटना सोमवार रात दस बजे के करीब हुई। मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने आज सुबह घटनास्थल का दौरा किया।

less than 1 minute read
Dec 10, 2024

Kurla BEST Bus Accident : मुंबई के कुर्ला इलाके में सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और 49 लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। घायलों के इलाज का खर्च बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) और मुंबई नगर निगम (BMC) उठाएगी।

पुलिस ने इस हादसे को लेकर बेस्ट बस के ड्राइवर संजय मोरे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है और मोरे को गिरफ्तार कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है की दुर्घटना के समय क्या संजय मोरे शराब के नशे में था या नहीं।

सीएम फडणवीस ने एक्स पर पोस्ट कर कुर्ला बेस्ट बस दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा, " हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस घटना में घायल लोगों का इलाज का खर्च मुंबई नगर निगम और बेस्ट की ओर से वहन किया जाएगा।"

इस पूरे मामले में पुलिस द्वारा बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में चार पुलिसवाले भी घायल हुए हैं। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

Updated on:
10 Dec 2024 01:21 pm
Published on:
10 Dec 2024 01:20 pm
Also Read
View All

अगली खबर