मुंबई

महाराष्ट्र के वाहनों पर पथराव से बढ़ा तनाव, CM बोम्मई बोले- दोषियों को नहीं छोड़ेंगे

Kannada Organization Protest on Belagavi Border: महाराष्ट्र के वाहनों को निशाना बनाये जाने से शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट और मनसे आक्रमक हो गई है। इससे पहले महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल और शंभुराज देसाई ने अपना बेलगाम दौरा टालने की घोषणा की।

2 min read
Dec 06, 2022
maharashtra_karnataka_border_dispute_tension_increased_after_stone_pelting_on_vehicles_cm_basavaraj_bommai_warns.jpg
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई

Maharashtra Karnataka Border Dispute: महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद मंगलवार को फिर सुर्खियों में आ गया है। दरअसल आज दोपहर में कर्नाटक के बेलगाम बॉर्डर पर कन्नड़ संगठन ने उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान महाराष्ट्र के आधा दर्जन ट्रकों पर पथराव किया गया। इस घटना से दोनों राज्यों के बीच दशकों पुराना सीमा विवाद और गंभीर हो गया। महाराष्ट्र के तमाम राजनीतिक दलों ने बेलगाम में प्रदर्शन के नाम पर किये गए उपद्रव का विरोध किया है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से फोन पर बात की है और बेलगाम के पास हिरेबागवाडी में हुई घटना पर नाराजगी व्यक्त की है। सीएम बोम्मई ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने फडणवीस को आश्वासन दिया कि महाराष्ट्र से कर्नाटक आने वाले वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। यह भी पढ़े-बेलगाम सीमा पर कन्नड़ संगठन का उग्र प्रदर्शन, महाराष्ट्र की गाड़ियों पर पथराव, सैकड़ों लोग हिरासत में

आरोप है कि कन्नड़ रक्षण वेदिका (Karnataka Rakshana Vedike) संगठन के कार्यकर्ताओं ने हिरेबागवाडी टोल बूथ (Hire Bagewadi Toll Gate) पर महाराष्ट्र से आये ट्रकों पर धावा बोला. विरोध के मद्देनजर बेलगाम सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कर्नाटक पुलिस ने सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।

वहीँ, महाराष्ट्र के वाहनों को निशाना बनाये जाने से शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट और मनसे आक्रमक हो गई है और प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।


इससे पहले आज सुबह महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल और शंभुराज देसाई ने अपना बेलगाम दौरा टालने की घोषणा की। एक दिन पहले फडणवीस ने कहा था कि उनकी सरकार बेलगाम में कोई अनावश्यक कानून व्यवस्था की स्थिति पैदा नहीं करना चाहती है। हालांकि आजाद देश में हमारे मंत्रियों को किसी भी राज्य में जाने से कोई नहीं रोक सकता। महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।

Updated on:
06 Dec 2022 04:25 pm
Published on:
06 Dec 2022 04:24 pm