
करण औजला का गोवा में पहला टिकट वाला कॉन्सर्ट (सोर्स: x-@filmibeat/IMDb)
Arijit Singh Live Performance: दिसंबर में गोवा घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो म्यूजिक लवर्स के लिए एक बड़ी न्यूज है। अरिजीत सिंह और करण औजला एक ही म्यूजिक फेस्टिवल में परफॉर्म करने वाले हैं। गोवा के वागाटोर में होने जा रहा नया म्यूजिक फेस्टिवल HOME दो दिनों तक चलेगा। इसमें बॉलीवुड और पंजाबी म्यूजिक के बड़े नामों के साथ इंडी आर्टिस्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक परफॉर्मर्स भी अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के मुताबिक, फेस्टिवल में 30 से ज्यादा कलाकार शामिल होंगे।
'होम' म्यूजिक फेस्टिवल का पहला वर्जन 29 और 30 दिसंबर 2026 को गोवा के वागाटोर में आयोजित किया जाएगा। दोनों दिन कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। इस दौरान दर्शकों को अलग-अलग तरह के संगीत का अनुभव करने का मौका मिलेगा।
करीब 2 साल के लंबे अंतराल के बाद गोवा में एक बड़े म्यूजिक फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है। गोवा टूरिज्म और राज्य सरकार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में साल के आखिर में संगीत और मनोरंजन का खास माहौल देखने को मिलेगा।
फेस्टिवल की पहली लाइनअप में अरिजीत सिंह और करण औजला सबसे बड़े आकर्षण होंगे। अरिजीत लंबे अंतराल के बाद गोवा में परफॉर्म करेंगे। वहीं, करण औजला का यह राज्य में पहला पब्लिक और टिकट वाला कॉन्सर्ट होगा।
इन दोनों के अलावा जसलीन रॉयल, किंग और डीजे चेतस भी अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। आयोजकों ने इस फेस्टिवल में कमर्शियल म्यूजिक, इंडी साउंड और इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक का मेल तैयार किया है।
'होम' की लाइनअप में कई दूसरे कलाकार भी शामिल हैं। इनमें बॉयज (खान और नूर), आफ्टरऑल (हबीबी प्लीज़), अली मर्चेंट, बंजारे, जैस्मिन वालिया, जगी, एमएक्सआरसीआई, गर्वित प्रियांश, लिजो, मालविका मनोज और गिनी के नाम हैं।
इलेक्ट्रॉनिक और अंडरग्राउंड म्यूजिक पसंद करने वालों के लिए भी फेस्टिवल में कई ऑप्शन होंगे। घोषित कलाकारों में प्रो ब्रोस, विश, यंग राजा, आद्या, अमारे, अवनीत म्यूजिक, ध्यान लाइव, एचआरएक्स, मयूर जुमानी लाइव, नीतीश वाधवा, पीआरएफसीटी एंड डार्क, रोहन मुकाती, साजी और टेकट्रोनिक्स शामिल हैं।
'होम' में संगीत के साथ विजुअल एक्सपीरियंस पर भी खास ध्यान दिया जाएगा। बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के लिए पहचाने जाने वाले आकिब वानी डिजाइन को फेस्टिवल के मैदान को नियॉन थीम में तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है।
आयोजकों ने बड़े प्रोडक्शन सेटअप और भारत के अब तक के सबसे बड़े मेन स्टेज लेआउट का दावा भी किया है। स्टेज डिजाइन, विजुअल्स और अलग-अलग संगीत शैलियों के मेल के जरिए फेस्टिवल को खास पहचान देने की तैयारी है।
'होम' म्यूजिक फेस्टिवल के टिकट थम्पएन (thumpN) और जोमैटो के डिस्ट्रिक्ट (District) प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे। एचएसबीसी वीजा क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए टिकटों की प्री-सेल 31 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे शुरू होगी। यह सुविधा 2 नवंबर को दोपहर 1 बजे तक चलेगी। आम लोगों के लिए टिकटों की बिक्री 2 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शुरू होगी।
Updated on:
29 Oct 2026, 7:05 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 6:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.