Belagavi Row : बेलगावी विवाद के बीच महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। एसटी बसों का परिचालन पड़ोसी राज्य में पूरी तरह से रोक दिया गया है।
Maharashtra Karnataka Border Row : महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच बेलगावी सीमा विवाद (Belagavi) पिछले दो दिन से गरमाया हुआ है। शुक्रवार रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग में महाराष्ट्र परिवहन की बस (ST Bus) के चालक के साथ मारपीट की और चेहरे पर कालिख पोती। इसके बाद शिवसेना (UBT) ने पुणे में कर्नाटक की बसों पर कालिख पोती। उद्धव गुट के कार्यकर्ताओं ने कोल्हापुर में कर्नाटक राज्य की बसों को रोका और प्रदर्शन किया. जिससे तनाव और बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) ने कर्नाटक जाने वाली बसों को सस्पेंड कर दिया है। जबकि कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) ने महाराष्ट्र के लिए बस सेवाएं कम कर दी हैं। हालांकि भाषा को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है।
दशकों पुराना विवाद शुक्रवार को फिर से तब गरमा गया जब बेलगावी के मरिहाल में एक बस चालक और कंडक्टर को कथित तौर पर मराठी में बात न करने पर पीटा गया। पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, एक नाबालिग लड़की ने कंडक्टर से मराठी में टिकट मांगा। जब कंडक्टर ने कहा कि उसे मराठी नहीं आती और उसने लड़की से कन्नड़ में बात करने को कहा, तो लड़की व उसके दोस्त ने उस पर हमला कर दिया। बाद में मरिहाल में कुछ युवकों ने उस बस को जबरन रुकवाया और कंडक्टर की पिटाई की। हालांकि शिकायत मिलते ही बेलगावी पुलिस ने हमला करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उधर, लड़की की शिकायत पर कंडक्टर के खिलाफ भी लड़की से अभद्र व्यवहार करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया।
इस घटना के बाद कुछ बदमाशों ने शनिवार को चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर तालुक के गुइलल में महाराष्ट्र राज्य परिवहन (MSRTC) के बस चालक भास्कर जाधव पर हमला कर दिया और उनका चेहरा काला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है।
हालांकि इस घटना के बाद महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कर्नाटक जाने वाली राज्य परिवहन बसों की सेवा रोकने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु से मुंबई आ रही MSRTC बस पर शुक्रवार रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग में कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने हमला किया।
जानकारी के मुताबिक, यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए कोल्हापुर से कर्नाटक राज्य तक जाने वाली एसटी बसों को अनिश्चित काल के लिए रद्द कर दिया गया है।
उधर, कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की एक अल्ट्रा लग्जरी बस पर रविवार को कुछ लोगों ने धावा बोला और उस पर जय महाराष्ट्र, मराठी और मनसे आदि लिखकर उसे विकृत कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद केएसआरटीसी ने भी महाराष्ट्र के लिए बस सेवाओं को कम कर दिया है।
उत्तर पश्चिम कर्नाटक सड़क परिवहन निगम (एनडब्ल्यूकेआरटीसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘हमने महाराष्ट्र जाने वाली बसों की संख्या फिलहाल सीमित कर दी है और स्थिति को सामान्य करने के लिए सभी एहतियात बरत रहे हैं।’’
दोनों राज्यों में जारी तनाव के बीच शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा, यह मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। इस पर फैसला तो कोर्ट करेगा, लेकिन ऐसा हमला क्यों किया जा रहा है? महाराष्ट्र में बहुत सारे कर्नाटक के लोग हैं, लेकिन हमने कभी ऐसा नहीं किया है और न ही कभी करेंगे। देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बुलाकर इस मुद्दे पर बात करनी चाहिए।