
Taylor Swift Chat in Blake Lively lawsuit (सोर्स- इंस्टाग्राम)
Taylor Swift Chat in Blake Lively lawsuit: फिल्मी दुनिया की चमक-दमक के पीछे चलने वाले विवाद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हॉलीवुड की चर्चित फिल्म 'इट एंड्स विद अस' से जुड़ा मामला अब नया मोड़ ले चुका है। हाल ही में अदालत में सार्वजनिक हुए दस्तावेजों ने इस पूरे विवाद को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है। इन कागजों में ऐसे प्राइवेट चैट सामने आए हैं, जिनसे ये साफ होता है कि इस कानूनी लड़ाई में कई बड़े नाम साफ तौर पर जुड़े रहे हैं।
इस विवाद की शुरुआत तब हुई थी, जब अभिनेत्री ब्लेक लाइवली ने फिल्म के निर्देशक जस्टिन बाल्डोनी पर शूटिंग के दौरान यौन उत्पीड़न, बदले की भावना और असहज माहौल बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए। बाल्डोनी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया और पलटकर लाइवली, उनके पति रयान रेनॉल्ड्स और उनके करीबी लोगों पर मानहानि और दबाव बनाकर फायदा उठाने का मुकदमा दर्ज करा दिया। डायरेक्टर के साथ-साथ जस्टिन इस फिल्म में एक्टर भी थे। ब्लेक लाइवली ने जस्टिन पर आरोप लगाया कि सीन कट होने के बाद भी वो जबरदस्ती उन्हें किस करते रहे।
न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों में ब्लेक लाइवली और मशहूर गायिका टेलर स्विफ्ट के बीच हुई निजी बातचीत सामने आई है। इन संदेशों से पता चलता है कि टेलर स्विफ्ट को फिल्म और निर्देशक को लेकर होने वाली नकारात्मक खबरों की जानकारी पहले से थी। एक संदेश में टेलर ने गुस्से भरे लहजे में जस्टिन बाल्डोनी को लेकर बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसने इस मामले को और विवादास्पद बना दिया।
इन दस्तावेजों के मुताबिक, टेलर को दिसंबर, 2024 में प्रकाशित होने वाले एक बड़े अखबार की रिपोर्ट की भनक पहले से लग चुकी थी। बाद में उसी रिपोर्ट में ये दावा किया गया कि बाल्डोनी ने फिल्म के प्रचार से दूरी बना ली थी और फिल्म से जुड़े कई लोगों ने उनसे सोशल मीडिया पर किनारा कर लिया था।
अदालती रिकॉर्ड में यह भी सामने आया है कि ब्लेक लाइवली फिल्म की कहानी में बदलाव चाहती थीं और इसके लिए उन्होंने टेलर स्विफ्ट से समर्थन मांगा था। अप्रैल दो हजार तेईस में ब्लेक ने टेलर से मदद की अपील की, जिस पर टेलर ने जवाब दिया कि वह उनके लिए कुछ भी करने को तैयार हैं।
इसके बाद ब्लेक लाइवली के घर पर एक मुलाकात हुई, जिसमें जस्टिन बाल्डोनी भी मौजूद थे। इस बैठक में बदली हुई कहानी पर चर्चा हुई और दस्तावेजों के अनुसार टेलर स्विफ्ट ने नए मसौदे की सराहना की। बैठक के बाद ब्लेक ने टेलर को संदेश भेजकर उन्हें बेहद साहसी बताया और कहा कि उन्होंने इस पूरी मुलाकात का ब्यौरा अपने पति रयान रेनॉल्ड्स को दे दिया है।
हालांकि ब्लेक लाइवली की कानूनी टीम का कहना है कि उन्होंने कहानी में बदलाव के लिए किसी खास व्यक्ति पर निर्भरता नहीं दिखाई, लेकिन सामने आए मैसेज दोनों के बीच लगातार बातचीत और सहयोग की ओर इशारा करते हैं। वहीं, टेलर स्विफ्ट की ओर से पहले यह कहा जा चुका है कि वह इस विवाद में सीधे तौर पर शामिल नहीं थीं, लेकिन अब सार्वजनिक हुए दस्तावेज इस दावे पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
अदालत में दाखिल कागजों में ये भी जिक्र है कि ब्लेक लाइवली और रयान रेनॉल्ड्स ने फिल्म को लेकर अन्य मशहूर हस्तियों से भी समर्थन मांगा था। बाल्डोनी की ओर से लगाए गए आरोपों में रयान रेनॉल्ड्स के कुछ बेहद तीखे शब्दों का भी जिक्र किया गया है।
इन खुलासों के बाद यह साफ है कि यह कानूनी लड़ाई अभी खत्म होने वाली नहीं है। आने वाले समय में और भी संदेश और दस्तावेज सामने आ सकते हैं, जो इस हाई प्रोफाइल विवाद को और गहरा बना देंगे।
Updated on:
21 Jan 2026 11:43 am
Published on:
21 Jan 2026 11:04 am

बड़ी खबरें
View Allहॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
