मुंबई

Mumbai Monsoon: मुंबई में मानसून के आने से पहले बारिश की भविष्यवाणी, जानें वीकेंड पर कैसा रहेगा मौसम

Mumbai Monsoon Arrival Date: अरब सागर के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (Cyclonic Circulation) बनने के संकेत मिल रहे है, जो केरल और पश्चिमी तट पर मानसून के शुरुआती प्रदर्शन पर प्रश्न चिह्न लगा रहे है।

3 min read
Jun 02, 2023
maharashtra_weather_update.jpg
Maharashtra Weather Update

Maharashtra Monsoon News: मॉनसून के दस्तक देने से पहले महाराष्ट्र में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश में कहीं आंधी के साथ बारिश हो रही है तो कहीं चिलचिलाती धूप है। जैसे-जैसे मॉनसून अरब सागर में आगे बढ़ेगा, महाराष्ट्र के जिलों में प्री-मानसून बारिश होगी और कुछ जगहों पर सूरज की गर्मी भी झेलनी पड़ेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक इस वीकेंड मुंबई में मौसम का मिजाज बदलेगा। आईएमडी ने शहर और इसके आसपास के जिलों में बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज (2 जून) दक्षिण-पश्चिम मॉनसून (Southwest Monsoon) दक्षिण अरब सागर और मालदीव क्षेत्र के कुछ और हिस्सों, लक्षद्वीप क्षेत्र के कुछ हिस्सों, पूरे कोमोरिन (Comorin) क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण के कुछ और हिस्सों और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ गया है। यह भी पढ़े-Maharashtra Monsoon: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, जानें महाराष्ट्र में कब होगी एंट्री, मुंबई को राहत कब?

मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। आईएमडी के अनुसार, मॉनसून की रफ्तार ऐसी रही तो केरल में 4 से 7 जून के दौरान यह कभी भी दस्तक दे सकता है। जबकि 15 जून के आसपास मुंबई में मॉनसूनी बारिश शुरू हो सकती है।

मुंबई में बारिश से गिरेगा पारा!

हालांकि, अरब सागर के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (Cyclonic Circulation) बनने के संकेत मिल रहे है, जो केरल और पश्चिमी तट पर मानसून के शुरुआती प्रदर्शन पर प्रश्न चिह्न लगा रहे है। इस बीच, समुद्र तट के करीब मुंबई समेत कोंकण बेल्ट में उच्च आर्द्रता (Humidity) के कारण चिपचिपी गर्मी महसूस की जा रही है।

शुक्रवार सुबह मुंबई में 70% आर्द्रता के साथ तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि मुंबई में 8 जून तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। जबकि 3 और 4 जून यानी वीकेंड पर मुंबई में हलकी बारिश व गरज के साथ छींटे पड़ने की अधिक संभावना (51-75% Probability) है।


मुंबई में कब पहुंचेगा मानसून?

आमतौर पर दक्षिणी राज्य केरल में मानसून की शुरुआत 1 जून से होती है। लेकिन इस साल मानसून का मौसम 4 जून के आसपास शुरू होने की उम्मीद है। मानसून 2022 में 29 मई, 2021 में 3 जून और 2020 में 1 जून को दक्षिणी राज्य में पहुंचा था। वहीँ, मॉनसून आमतौर पर 7 जून के आसपास दक्षिण महाराष्ट्र में प्रवेश करता है, जबकि यह 15 जून तक पूरे राज्य को कवर कर लेता है। लेकिन वर्तमान परिस्थियों को देखते हुए इस साल पूरे महाराष्ट्र में मॉनसून के पहुंचने में लगभग 4-5 दिन की देरी होने की संभावना है।

बात करें मुंबई की तो यहां मॉनसून आमतौर पर 10 जून को दस्तक देता है, लेकिन इस साल देरी के साथ 15 जून के आसपास पहुंच सकता है। हालांकि मुंबई में 10 जून के बाद प्री-मानसून की बौछारें पड़ने की संभावना है। लेकिन मुंबई और महाराष्ट्र में मॉनसून कब दस्तक देगा, इसकी तारीखों का सही पता केरल में मॉनसून के पहुंचने के बाद चलेगा।

Monsoon Latest Update 2 जून तक कहां पहुंचा मॉनसून, IMD ने दी ये जानकारी-

Published on:
02 Jun 2023 07:51 pm