मुंबई

महाराष्ट्र में बारिश ने ढाया कहर, दो दिन में 20 से ज्यादा लोगों की मौत, मुंबई में 72 घंटे का अलर्ट

Monsoon 2025 : महाराष्ट्र में मानसून-पूर्व आंधी-बारिश ने कहर बरपाया है, जिसमें कम से कम 20 लोग मारे गए हैं और कई घायल हो गए हैं।
2 min read
May 22, 2025
Maharashtra rain alert
तेज बारिश से सड़कों पर भरा पानी (File Photo)

महाराष्ट्र में मॉनसून के आगमन से पहले आंधी-बारिश ने बड़ी तबाही मचाई है, जिसमें कम से कम 20 लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई में गुरुवार से अगले तीन दिनों तक आंधी और बिजली के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। देश की वित्तीय राजधानी मुंबई और उससे सटे जिलों में बुधवार रात भी बादलों की गरज और बिजली चमकने के साथ तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए 24 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है।

72 घंटे होगी झमाझम बारिश

आईएमडी के अनुसार, मुंबई महानगर क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है तथा मुंबई और उसके उपनगरों में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 21 मई को सुबह साढ़े आठ बजे से 22 मई को सुबह साढ़े आठ बजे के बीच 24 घंटे के भीतर शहर में 27 मिलीमीटर बारिश हुई। 15.6 मिलीमीटर से 64.4 मिलीमीटर के बीच वर्षा को ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा जाता है।

मौसम विभाग ने कहा कि कर्नाटक तट से दूर पूर्व-मध्य अरब सागर पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने की संभावना के कारण महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 24 मई तक गरज और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है।

दो दिन में 20 से ज्यादा लोगों की मौत

पिछले दो दिनों में महाराष्ट्र में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के कारण बड़ी जनहानि हुई है। मॉनसून पूर्व तूफानी बारिश के कारण राज्य में 48 घंटे में 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार दो दिनों में 23 से 24 लोगों की जान गई है और 11 लोग घायल हुए हैं। बारिश से जुड़ी घटनाओं में 50 से ज्यादा जानवर भी मारे गए है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को 10 लोगों की मौत हुई। इनमें पांच लोगों की बिजली गिरने के कारण मौत हुई थी। उसी दिन 11 लोगों के घायल होने की भी रिपोर्ट है। इनमें से पांच लोग आकाशीय बिजली, चार लोग पेड़ों के गिरने और दो लोग पानी में डूबने से घायल हुए। इसके अलावा, बिजली की चपेट में आने से 55 छोटे जानवरों की मौत हुई। वहीँ, मंगलवार को 14 और मौतें हुईं, जिनमें से चार लोगों की बिजली गिरने से, एक शख्स की डूबने से और दो लोगों की पेड़ गिरने के कारण हुई।

Updated on:
22 May 2025 12:32 pm
Published on:
22 May 2025 12:29 pm