Maharashtra Monsoon 2023 Update: मौसम विभाग ने इस साल मानसून के तीन दिन की देरी से केरल पहुंचने की भविष्यवाणी की है। लेकिन अगर मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां ऐसे ही अनुकूल रही तो मानसून 1 जून तक केरल में प्रवेश कर सकता है।
Maharashtra Monsoon Arrival Date: महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। हालांकि अब मानसून के आगमन में कुछ हफ्ते रह गए है, ऐसे में अब मौसम में धीरे-धीरे बदलाव होने की संभावना है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों में अगले चार दिनों तक बादलों की गरज, आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान (Monsoon News and Weather Update) में कहा है कि 24 मई तक गरज के साथ विदर्भ क्षेत्र के कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। जबकि सोमवार को नांदेड, लातूर और उस्मानाबाद में भी कुछ जगहों पर गरज के साथ छींटे पड़ने की अधिक संभावना है।
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के विदर्भ के जिलो- अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाना, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम, यवतमाल में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है। जबकि विदर्भ को छोड़कर मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और कोंकण क्षेत्रों में लू की स्थिती बरकरार रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण में गर्मी का कहर देखने को मिलेगा। जबकि विदर्भ में बुधवार तक बादल व बारिश जैसे हालत रहेंगे। जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में लू चलने की उम्मीद है। यह भी पढ़े-Mumbai Monsoon: अच्छी खबर! समय से पहले मानसून ने दी दस्तक
मई की शुरुआत से ही महाराष्ट्र के कई शहर गर्मी की मार झेल रहे हैं। तापमान में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। पुणे के शिरूर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। जबकि अकोला और वर्धा में तो पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार चले गया है।
कहां पहुंचा मानसून?
इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान और निकोबार में प्रवेश कर गया है और लगातार आगे बढ़ रहा है। मॉनसून ने कल बंगाल की खाड़ी को कवर करना शुरू कर दिया है। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ और हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
आम तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 22 मई को अंडमान में प्रवेश करता है। लेकिन इस साल मानसून तीन दिन पहले अंडमान पहुंच गया। शुक्रवार को अंडमान में मानसून ने दस्तक दी। शनिवार को मानसून ने बंगाल की खाड़ी को कवर करना शुरू किया। बंगाल की खाड़ी को पूरी तरह से पार करने में मानसून को आठ दिन का समय लग सकता है, जिसके बाद मानसून के कर्नाटक की ओर पहुंचने की संभावना है।
महाराष्ट्र में कब आएगा मानसून?
हालांकि, मौसम विभाग ने इस साल मानसून के तीन दिन की देरी से केरल पहुंचने की भविष्यवाणी की है। लेकिन अगर मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां ऐसे ही अनुकूल रही तो मानसून 1 जून तक केरल में प्रवेश कर जाएगा। इसलिए अनुमान लगाया गया है कि महाराष्ट्र में मानसून 7 जून तक पहुंच सकता है और 11 जून से पहले मुंबई में दस्तक देने की संभावना है।