महाराष्ट्र के चंद्रपुर में आशिक के साथ मिलकर पति की हत्या के आरोप में एक महिला को उसके प्रेमी के साथ गिरफ्तार किया गया है। महिला की बेटी को दोनों आरोपियों की बातचीत की रिकॉर्डिंग मिली जिससे महिला और उसके आशिक की पोल खुली।
महाराष्ट्र के चंद्रपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया हैं। चंद्रपुर में एक महिला को पति की हत्या के तीन महीने बाद गिरफ्तार किया गया है। महिला की गिरफ्तारी उसकी बेटी के खुलासे के बाद हुई। बेटी ने बताया कि उसके पिता को उसकी मां ने ही मार डाला है। महिला ने अपने आशिक के साथ मिलकर पति का खून किया। उसके साथ की गई बातचीत से जुड़ी कॉल रिकार्डिंग के चलते महिला पकड़ी गई। महिला के साथ उसके प्रेमी को भी गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, चंद्रपुर शहर के आंबेडकर चौक में आरोपी महिला रंजना रामटेके की दुकान है। दुकान के पास में ही मुकेश त्रिवेदी की भी चूड़ियों की दुकान है। आरोपी रंजना ने इस साल 6 अगस्त को अपनी बेटी को बताया कि उसके पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। 62 साल के मृतक श्याम रामटेके रिटार्यड वन कर्मचारी थे। यह भी पढ़े: महाराष्ट्र के इस गांव में दूध बेचना माना जाता है पाप, मुफ्त में बांटते हैं घी और मक्खन
पिता की मौत के बाद बेटी को कुछ शक हुआ कि उसकी मां के स्वभाव में बदलाव आया है। आरोपी मुकेश त्रिवेदी का भी घर में आना-जाना ज्यादा बढ़ रहा था। समाज में बदनामी होने की बात कह कर बेटी ने मां को और मुकेश त्रिवेदी को समझाने का प्रयास किया था। इसके बाद यह सोच कर कि 50 साल की मां को पिता के जाने के बाद अकेलापन महसूस हो रहा होगा, कहीं और रह रही छोटी बेटी भी महिला के साथ रहने आ गई।
इस बीच पिता के मौत से कुछ महीने पहले बेटी ने अपनी मां को एक मोबाइल खरीद कर दिया था। उस मोबाइल को छोटी बेटी यूं ही देख रही थी, तभी उसे एक कॉल रिकॉर्डिंग मिल गई। उस कॉल रिकॉर्डिंग से ही पूरी सच्चाई सबके सामने आ गई। कॉल रिकॉर्डिंग में साफ हुआ कि 6 अगस्त को सुबह करीब 2:14 मिनट पर आरोपी रंजना ने 10 मिनट तक मुकेश त्रिवेदी को कॉल कर साथ बात की थी। इस कॉल रिकॉर्डिंग में मृतक के हाथ बांधकर उन्हें जहर देने और जोर से मुंह दबाकर खून करने का जिक्र हुआ था। इसके बाद मुकेश त्रिवेदी घर की अच्छी तरह सफाई कर सुबह इसे हार्ट अटैक का रूप देने की सलाह दे रहा था।
बता दें कि आरोपी महिला की छोटी बेटी ने उस कॉल रिकॉर्डिंग को अपने फोन पर शेयर किया और अपनी बड़ी बहन को पूरी बात बताई। इसके बाद बड़ी बहन ने पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रंजना रामटेके और मुकेश त्रिवेदी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की जांच कर रही हैं।