
मुंबई से सटे ठाणे जिले में उल्हासनगर में एक हादसा हुआ है। उल्हासनगर में पांच मंजिला मकान का कुछ हिस्सा अचानक गिर गया। स्लैब का हिस्सा गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई है। एक शख्स की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं इस घटना को लेकर उल्हासनगर तहसीलदार कोमल ठाकुर ने बताया कि अभी मलबे में कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है। इसके लिए बचाव और राहत कार्य चल रहा है।
कोमल ठाकुर ने बताया कि उल्हासनगर कैंप 5 में स्थित इमारत की तीसरी मंजिल पर एक स्लैब सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे गिर गया। इस इमारत में करीब 30 फ्लैट थे जो अवैध था और इसके लिए पहले से ही नोटिस दिया जा चुका था। हालांकि नोटिस दिए जाने के बाद भी इस इमारत में पांच परिवार रह रहे हैं। यह भी पढ़ें: Maharashtra News: महाराष्ट्र के 50 से अधिक शहरों में होगा मुस्लिमों का सर्वेक्षण? डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बताई सच्चाई
बता दें कि इस घटना की खबर मिलते ही स्थानीय दमकलकर्मी, आपदा प्रबंधन दल, पुलिस, राजस्व और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बचाव एवं राहत अभियान जारी किया। इस हादसे में मरने वालों में दो महिलाएं भी है। अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में मरने वालों की पहचान धोलदास धनवानी (58), रेणु ढोलंदादास धनवानी (54), प्रिया धनवानी (24) और सागर ओछानी (19) के रूप में हुई है।
इससे पहले 21 सितंबर को ठाणे जिले में ही डोंबिवली स्टेशन के पास रेलवे की पुरानी सुरक्षा दीवार गिर गई थी। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत और चार मजदूर जख्मी हुए थे। यह घटना उस समय हुआ जब मजदूरों द्वारा डोंबिवली स्टेशन के पास रेलवे लाइन के किनारे नई सुरक्षा दीवार बनाई जा रही थी। इस हादसे में कम से कम सात मजदूर दब गए थे। यह दीवार पूरी तरह से जर्जर हो चुकी थी और बारिश के चलते नमी पाकर गिर गई।