मुंबई

कुख्यात बदमाश लखन भोसले एनकाउंटर में ढेर, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला पड़ा महंगा!

Maharashtra Encounter : महाराष्ट्र में कुख्यात अपराधी लखन भोसले पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। गिरफ्तार करने गई टीम पर उसने जानलेवा हमला कर दिया था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी थी।
2 min read
Aug 31, 2025
Lakhan Bhosale encounter
पुलिस एनकाउंटर में मारा गया लखन भोसले

Lakhan Bhosale Encounter : महाराष्ट्र से बड़ी खबर हैं। पुणे जिले के शिक्रापुर इलाके में पुलिस ने मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी लखन भोसले (Lakhan Popat Bhosale) को मार गिराया है। भोसले पर सातारा जिले में जबरन चोरी और लूटपाट के कई मामले दर्ज थे। कुछ दिन पहले ही उसने सातारा में एक महिला को चाकू दिखाकर उसकी सोने की चेन छीन ली थी और फरार हो गया था।

सातारा पुलिस का स्पेशल टीम उसकी तलाश में पुणे गई थी। शनिवार रात साढ़े सात बजे के करीब शिक्रापुर के मलटन फाटा इलाके में भोसले अपने साथियों के साथ पुलिस को मिला। पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तभी उसने अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कांस्टेबल सुजित भोसले को छाती और हाथ पर और तुषार भोसले को हाथ पर गंभीर जख्म हुए। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने जवाबी फायरिंग की। गोली लगते ही बदमाश गिर पड़ा।

गंभीर रूप से घायल लखन को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।

कुख्यात बदमाश का ऐसे हुआ अंत

लखन भोसले के पुणे जिले के शिक्रापुर इलाके में होने की खबर पुलिस को मिली थी। इसके बाद सातारा पुलिस की एक टीम वहां पहुंची। लखन भोसले वहां अपने दो साथियों के साथ छिपा था। जब पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने चाकू से हमला कर दिया। जिसके चलते पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। यह गोली लखन भोसले की कमर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल लखन भोसले और घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत इलाज के लिए पास के सूर्या अस्पताल ले जाया गया। लखन को शिकरपुर के ग्रामीण अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  शव को पोस्टमार्टम के लिए पुणे के ससून अस्पताल भेज दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि लखन भोसले कुख्यात अपराधी था। वह सतारा के खटाव तालुका के जयराम स्वामी वडगांव का रहने वाला था और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। उसके खिलाफ डकैती, जबरी वसूली, मारपीट और लूट जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज थे।

Updated on:
31 Aug 2025 06:12 pm
Published on:
31 Aug 2025 06:01 pm