महाराष्ट्र की सियासत से जुड़ी एक खबर अचानक चर्चा का विषय बन गई है। एकनाथ खडसे क्या फिर बीजेपी में शामिल होंगे? ऐसी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि एकनाथ खडसे ने खुद ही इन सवालों के जवाब देकर सच्चाई बताई है।
Eknath Khadse: महाराष्ट्र में सियासी संग्राम खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इन सब के बीच एकनाथ खडसे के बीजेपी में फिर शामिल होने की खबरें सामने आ रही हैं। दरअसल बीजेपी सांसद रक्षा खडसे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अमित शाह और एकनाथ खडसे के बीच फोन पर बात हुई थी। इस खबर के बाद अटकलें लगनी शुरू हो गई कि क्या एकनाथ खडसे फिर भाजपा में शामिल होंगे। अब खडसे ने इन सवालों का जवाब दिया है। उन्होंने भाजपा में शामिल होने की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है।
बीजेपी में शामिल होने की खबरों पर एकनाथ खडसे ने कमेंट किया है। उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है कि एक ही घर में दो लोग दो अलग-अलग पार्टियों से ताल्लुक रखते हैं। हमारे घर में भी ऐसा ही है। इतना ही नहीं एकनाथ खडसे ने बीजेपी में शामिल होने की खबरों का खंडन किया है। वे बोले कि अमित शाह गृहमंत्री हैं इसलिए उनसे फोन पर बात हुई।
वहीं खबर है कि एकनाथ खडसे और अमित शाह के बीच बैठक होने वाली थी। लेकिन अमित शाह के बिजी शेड्यूल के चलते ये मीटिंग नहीं हो पाई। रक्षा खडसे ने बताया कि इसलिए उनकी अमित शाह से फोन पर बातचीत हुई थी। खडसे और शाह के बीच फोन पर क्या बात हुई इसे लेकर भी अब अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
गौर हो कि एकनाथ खडसे ने लंबे समय तक भाजपा के लिए जलगांव में पुरजोर तरीके से काम किया। लेकिन पिछले कुछ सालों से एकनाथ खडसे बीजेपी से नाराज हो गए और अंत में उन्होंने शरद पवार के नेतृत्व में काम करने का फैसला किया। जिसके चलते वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। राकांपा में शामिल होने के बाद खडसे कई बार बीजेपी की कड़ी आलोचना कर चुके हैं।