21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई में 22-23 अप्रैल को पानी की कटौती, इन इलाकों में नहीं आएगा BMC का पानी

Mumbai Water Cut: मुंबई के कई हिस्सों में 22 और 23 अप्रैल को पानी की कटौती होने वाली है। बीएमसी के अनुसार, 18 घंटे तक ए, बी, सी, ई और एफ-दक्षिण वार्ड के कई हिस्सों में पानी की सप्लाई प्रभावित होगी।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Apr 21, 2026

Mumbai Water Cut update

मुंबई में 22 और 23 अप्रैल को पानी कटौती (Photo: IANS/File)

मुंबई में पानी कटौती को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने दक्षिण मुंबई के कई इलाकों में 22 और 23 अप्रैल को पानी की सप्लाई प्रभावित रहने की घोषणा की है। यह कटौती पानी वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे इंफ्रास्ट्रक्चर काम के चलते की जा रही है।

बीएमसी के अनुसार, शिवड़ी स्थित हाजी बंदर रोड पर भंडारवाडा हिल रिजर्वॉयर से जुड़े एक अहम पाइपलाइन पर दो बड़े 1500 मिमी डायमीटर के बटरफ्लाई वाल्व लगाए जाएंगे। इसी काम के कारण पानी की सप्लाई रोकी जाएगी।

कब से कब तक रहेगी पानी की कटौती?

यह काम बुधवार (22 अप्रैल) को सुबह 10 बजे से शुरू होकर गुरुवार (23 अप्रैल) को सुबह 4 बजे तक चलेगा। यानी करीब 18 घंटे तक शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी या तो कम प्रेशर के साथ पानी आएगा।

क्यों किया जा रहा है यह काम?

BMC का कहना है कि यह परियोजना भंडारवाड़ा हिल, फोसबरी हिल और गोलनजी हिल रिजर्वॉयर से होने वाली जलापूर्ति को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए की जा रही है। इस अपग्रेड के बाद शहर के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति में सुधार होगा।

किन इलाकों में पूरी तरह पानी बंद रहेगा?

दक्षिण मुंबई के ए, बी, सी, ई और एफ-दक्षिण वार्ड के कई हिस्सों में पानी पूरी तरह बंद रहेगा।

A वार्ड में पीडी मेलो रोड, रामगढ़ स्लम, सीएसएमटी (CSMT), सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल, गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज, रिजर्व बैंक और नेवल डॉकयार्ड जैसे प्रमुख इलाकों में 22 अप्रैल को पानी की सप्लाई बंद रहेगी।

B वार्ड में उमरखाड़ी, नूरबाग, चिंचबंदर, वालपाखाड़ी, जेल रोड और आसपास के इलाके 22 अप्रैल को प्रभावित रहेंगे। वहीं डोंगरी, मस्जिद बंदर और मोहम्मद अली रोड इलाके 23 अप्रैल की सुबह प्रभावित होंगे। इसके अलावा दाना बंदर, वाडी बंदर और मुंबई पोर्ट ट्रस्ट क्षेत्रों जैसे क्षेत्रों में भी 22 अप्रैल को पानी की किल्लत होगी।

C वार्ड के बोरा बाजार स्ट्रीट, एसवीपी रोड और पाकमोडिया स्ट्रीट में 23 अप्रैल को पानी नहीं आएगा।

E वार्ड के मझगांव, डॉकयार्ड रोड और आसपास के इलाकों में 22 अप्रैल को पानी आपूर्ति बंद रहेगी।

एफ साउथ वार्ड में शिवड़ी, वडाला (पूर्व) और अभ्युदय नगर सहित कई इलाकों में लोगों को 23 अप्रैल को पानी की कटौती का सामना करना पड़ेगा।

किन इलाकों में मिलेगा कम दबाव का पानी?

E वार्ड के नागपाड़ा, अग्रिपाड़ा और भायखला में 23 अप्रैल को लो-प्रेशर सप्लाई रहेगी। वहीं जेजे, कस्तूरबा और नायर जैसे बड़े अस्पतालों में भी कम दबाव से पानी मिलने की उम्मीद है।

F साउथ वार्ड के लालबाग, परेल, दादर और हिंदमाता में भी पानी कम दबाव से मिलेगा। शिवड़ी फोर्ट रोड और पोर्ट क्षेत्र के कई हिस्सों में बुधवार को पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। इसके अलावा केम, टाटा, वाडिया और एमजीएम अस्पतालों में पूरे काम के दौरान लो-प्रेशर सप्लाई जारी रहेगी।

बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से पानी का पर्याप्त भंडारण कर लें और जरूरत के हिसाब से ही पानी का इस्तेमाल करें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। इसके साथ ही सलाह दी है कि आपूर्ति बहाल होने के बाद अगले 4-5 दिनों तक पीने के पानी को उबालकर और छानकर ही पिएं।

बड़ी खबरें

View All

मुंबई

महाराष्ट्र न्यूज़

ट्रेंडिंग