8 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सपना चौधरी को ‘नागिन’ डांस में हराया, यूपी में हुए पैदा, हरियाणवी सिंगर पेप्सी शर्मा ‘रागनी’ के यूं बने स्टार

Pepsi Sharma Death News: लोकगायक पेप्सी शर्मा के निधन से उनके फैंस और परिजनों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। पेप्सी ने कई बार सपना चौधरी के साथ भी परफॉर्म किया था।

2 min read
Google source verification
Pepsi Sharma Death News

Pepsi Sharma Death News (सोर्स- एक्स)

Pepsi Sharma Death News: हरियाणवी सिंगर पेप्सी शर्मा के निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। पेप्सी शर्मा सिर्फ 38 साल के थे। बताया जा रहा है कि उनका निधन हार्ट अटैक के चलते हुआ है। अपनी दमदार आवाज, मंच पर शानदार मौजूदगी और रागनी कार्यक्रमों में अनोखे अंदाज के लिए मशहूर लोक कलाकार पेप्सी शर्मा के निधन से उनके फैंस काफी दुखी हैं।

पेप्सी शर्मा का असली नाम यशपाल शर्मा

पेप्सी शर्मा का नाम सुनते ही लोगों के मन में रागनी मंच, लोकगीत और जोशीले कार्यक्रमों की तस्वीर उभर आती थी। हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि उनका असली नाम यशपाल शर्मा था। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के एक साधारण गांव में जन्मे यशपाल ने बचपन से ही लोक संगीत के प्रति गहरी रुचि दिखाई थी। परिवार के लोग अलग-अलग पेशों में थे, लेकिन संगीत के प्रति उनका जुनून उन्हें भीड़ से अलग बनाता था।

कहा जाता है कि जब उनके हमउम्र बच्चे खेलकूद में समय बिताते थे, तब वह लोकगीतों और पारंपरिक धुनों को सुनने और गुनगुनाने में मशगूल रहते थे। धीरे-धीरे उनकी प्रतिभा स्थानीय कार्यक्रमों तक पहुंची और फिर उन्हें बड़े मंच मिलने लगे। हरियाणवी रागनी की दुनिया में कदम रखने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

हरियाणा के चर्चित कलाकार बन गए पेप्सी

लोक संगीत के मंचों पर उनकी लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि देखते ही देखते वो हरियाणा के सबसे चर्चित कलाकारों में शामिल हो गए। उनकी पहचान सिर्फ गायक के रूप में नहीं थी, बल्कि वह मंच पर अपनी ऊर्जा और नृत्य शैली से भी दर्शकों का दिल जीत लेते थे। कई बार उनके कार्यक्रमों में हजारों की भीड़ सिर्फ उन्हें देखने के लिए पहुंचती थी।

सपना चौधरी के साथ कई बार किया परफॉर्म

पेप्सी शर्मा और मशहूर डांसर सपना चौधरी की जोड़ी को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया। दोनों ने कई यादगार प्रस्तुतियां दीं, जिनके वीडियो आज भी सोशल मीडिया और वीडियो प्लेटफॉर्म्स पर लाखों बार देखे जाते हैं। एक रागनी प्रतियोगिता में उनके और सपना चौधरी के बीच हुए 'नागिन' डांस की चर्चा आज भी लोक संगीत प्रेमियों के बीच होती है। उस परफॉर्मेंस ने उन्हें नई पहचान दिलाई थी।

टेलीविजन की दुनिया में भी दिखे पेप्सी शर्मा

टेलीविजन की दुनिया में भी उन्होंने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर पहुंचकर उन्होंने साबित किया कि लोक संगीत किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। उनकी आवाज और प्रस्तुति ने ग्रामीण संस्कृति को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने का काम किया।

परिजनों में शोक की लहर

परिवार के अनुसार, उन्हें अचानक सीने में तकलीफ महसूस हुई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन जिंदगी की जंग में वो हार गए। उनके निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलियों का सिलसिला शुरू हो गया। अपने पीछे वह पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।

बड़ी खबरें

View All

मनोरंजन

ट्रेंडिंग