
Maharashtra COVID-19 Case: महाराष्ट्र में हाल के दिनों से कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। प्रतिदिन ताजा मामलों की संख्या में इजाफा हो रहा है। आज यानी शुक्रवार को कोविड-19 के नए संक्रमितों की संख्या एक हजार के करीब पहुंच गई है, जो गुरुवार की तुलना में 15 फीसदी अधिक है। जबकि मुंबई में महामारी के 276 नए मरीज मिले है।
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 926 नए मामले दर्ज किये गए। राज्यभर में कोरोना संक्रमण से तीन मौतें भी दर्ज की गई है। राज्य में मृत्यु दर वर्तमान में 1.82 फीसदी है। महाराष्ट्र में महज एक सप्ताह में कोरोना के नए मामलों में 60 फीसदी से अधिक की वृद्धि देखी गई है। इस वजह से चिंता और बढ़ गई है। यह भी पढ़े-महाराष्ट्र में फिर लौट रहा मास्क और सैनेटाइजर का दौर, 3500 के पार हुई एक्टिव मरीजों की संख्या
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक नए मरीजों के बाद राज्य में उपचाराधीन मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 4,487 हो गई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तीन मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,48,457 हो गई। गोंदिया, कोल्हापुर और रायगढ़ जिलों में तीन कोविड मरीजों की मौतें हुईं है। वहीं, बीते 24 घंटे में 423 लोगों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है।
मुंबई में बढ़ी संक्रमण की रफ्तार
मुंबई में वर्तमान में कोविड-19 के 1367 सक्रीय मरीज हैं। मुंबई में 276 नए मामले आए, जो पिछले दिन की तुलना में 27 प्रतिशत अधिक है। लगातार चार दिन से मुंबई में कोरोना के नए मरीजों की संख्या 200 से अधिक दर्ज हो रही है। शहर में गुरुवार को 216 नए केस मिले थे और एक शख्स की मौत हुई थी।
महाराष्ट्र में गुरुवार को कोविड-19 के 803 नए मामले सामने आए थे। जबकि संक्रमण से राज्य में तीन और लोगों ने जान गंवाई। राज्य मे स्वास्थ्य महकमा चौकन्ना हो गया है। राज्य में कोरोना संक्रमण के प्रसार को देखते हुए लोगों से कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार का पालन करने और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने की अपील की जा रही है। यह भी पढ़े-मुंबई-गोवा हाईवे पर भयानक हादसा, पोते-पोतियों समेत दादी की मौत, बोरीवली के परिवार में छाया मातम