ST Bus Strike : गणेश उत्सव से पहले महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन के कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का फैसला किया है।
MSRTC ST Bus Strike : गणेशोत्सव से चार दिन पहले महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) के कर्मचारी संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया है। इससे राज्य के विभिन्न हिस्सों में 'लालपरी' यानी एसटी बस के पहिए थम गए है। एसटी कर्मचारी संघ ने कहा कि वह आज से राज्यभर में अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहा है। एसटी के कर्मचारियों को राज्य सरकार के कर्मचारियों की तरह वेतन देने की मांग संघ की प्रमुख मांग है।
ताजा जानकारी के मुताबिक, एसटी कर्मियों का एक बड़ा वर्ग इस हड़ताल में शामिल है। जिसके चलते राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह से बस सेवा ठप पड़ गई है। हालांकि इस हड़ताल से मुंबई खंड में बस सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं लेकिन पड़ोसी ठाणे में हड़ताल का असर है।
एमएसआरटीसी ने बताया कि 11 ट्रेड यूनियनों की कार्य समिति द्वारा आधी रात से शुरू की गई हड़ताल के कारण पूरे राज्य में एसटी बस के 250 बस डिपो में से 35 पूरी तरह से ठप है। जबकि अन्य डिपो में या तो पूरी तरह या आंशिक रूप से बसों का संचालन किया जा रहा है।
मुंबई के सभी एसटी डिपो में बस सेवा सुचारू रूप से जारी है। लेकिन ठाणे के कल्याण और विट्ठलवाड़ी में बस सेवा पूरी तरह से ठप है। पुणे और नासिक जिलों में कई डिपो पूरी तरह से बंद हैं। पूर्वी महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में सभी डिपो में बसें चल रहीं है।
गणपति उत्सव महाराष्ट्र, खासकर तटीय कोंकण क्षेत्र में सबसे बड़े त्योहारों में से एक है। शहरों से बड़ी संख्या में लोग अपने गांव जाते है। राज्य परिवहन एमएसआरटीसी ने 10 दिवसीय गणेश उत्सव के लिए पहले ही मुंबई, ठाणे और पालघर से 3 सितंबर से 7 सितंबर के बीच 5,000 अतिरिक्त ‘गणपति स्पेशल’ बसें चलाने की योजना बनाई है। लेकिन अचानक बुलाई गई हड़ताल से इन यात्रियों की मुसीबत बढ़ गई है।