
सलमान खान का फूटा गुस्सा
Salman Khan Video: बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने उनके करोड़ों फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। मंगलवार रात को सलमान खान को मुंबई के खार इलाके में स्थित मशहूर हिंदुजा अस्पताल के बाहर बेहद कड़े सुरक्षा घेरे के बीच स्पॉट किया गया। वहीं, सलमान का अस्पताल के बाहर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बेहद गुस्से में नजर आ रहे हैं। उन्होंने गुस्से में ही पैपराजी को घूरा, जो लगातार सलमान खान की तस्वीरें खींच रहे थे और शोर मचा रहे थे।
अस्पताल के बाहर स्पॉट किए गए वीडियो में सलमान खान हमेशा की तरह अपने कैजुअल लुक यानी ब्लैक टी-शर्ट और जींस में नजर आए। उनके चारों तरफ भारी सुरक्षा बल तैनात था और वह गाड़ी में बैठने से पहले किसी शख्स से काफी गंभीरता से बात कर रहे थे, तभी वहां मौजूद पैपराजी उनकी तस्वीरें खींचने के लिए काफी करीब आ गए, जिसे देखकर सलमान खान का पारा चढ़ गया और वह आग बबूला हो गए। सलमान ने गुस्से में पैपराजी से कहा, "क्या पागल हो क्या?" सलमान खान का यह कड़ा तेवर देखकर वहां मौजूद फोटोग्राफर्स तुरंत सहम गए और उन्होंने मौके पर ही सुपरस्टार से माफी मांगी।
सलमान खान अचानक देर रात हिंदुजा अस्पताल क्यों पहुंचे थे, इसे लेकर अभी तक खान परिवार या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, उनके फैंस काफी परेशान हो रहे हैं, पिछले कुछ समय से सलमान अकेलेपन वाले पोस्ट शेयर कर रहे हैं।
बता दें, कुछ समय पहले 17 फरवरी को सलमान के पिता और दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान को माइनर ब्रेन हैमरेज (दिमाग की हल्की नस फटने) के बाद लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अब वह पूरी तरह ठीक होकर घर लौट चुके हैं और रिकवर कर रहे हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि सलमान शायद किसी रूटीन चेकअप या किसी करीबी का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान को आखिरी बार ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सिकंदर' में देखा गया था। इन दिनों वे अपनी आगामी फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उनके साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म पहले अप्रैल के महीने में रिलीज होने वाली थी, लेकिन किन्हीं कारणों से इसकी रिलीज टल गई है। मेकर्स जल्द ही फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान करेंगे। फिलहाल, फैंस सोशल मीडिया पर सलमान और उनके परिवार की अच्छी सेहत के लिए लगातार दुआएं मांग रहे हैं।
Updated on:
20 May 2026 08:57 am
Published on:
20 May 2026 08:50 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
