मुंबई

Maharashtra: कांग्रेस विधायक अशोक चव्हाण क्या BJP में होंगे शामिल? केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने दिया ये बड़ा बयान

महाराष्ट्र में जारी सियासी संग्राम खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इन सब के बीच खबरें है कि सूबे में कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है। अटकलें हैं कि महाराष्ट्र कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व सीएम रहे अशोक चव्हाण भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने बड़ा बयान दिया है। जानें दानवे ने क्या कहा-

2 min read
Sep 03, 2022
Raosaheb Danve Reacts on Ashok chavan Says BJP has no interest to break any Political Party
कांग्रेस विधायक अशोक चव्हाण क्या BJP में होंगे शामिल?

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में जारी सियासी संग्राम खत्म होता नहीं दिख रहा है। खबरें हैं कि कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक चव्हाण बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। दरअसल अशोक चव्हाण और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मुलाकात के बाद ये खबरें सामने आ रही है। इसी बीच अन्य दलों में तोड़-फोड़ पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रावसाहेब दानवे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि BJP को दूसरी पार्टी तोड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं है लेकिन नाराज लोगों का स्वागत है।

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे ने एक बड़ा बयान दिया है। दानवे ने कहा कि अब हमें किसी अन्य राजनीतिक दल को तोड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी को किसी और की पार्टी को तोड़ने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह बयान देवेंद्र फडणवीस और अशोक चव्हाण की मुलाकात के बाद शुरू हुई राजनीतिक चर्चाओं पर दिया है।

उन्होंने अन्य दलों के असंतुष्ट राजनीतिक नेताओं पर भी बयान दिया है। दानवे के बयान को लेकर अब राजनीतिक अटकलें लगनी शुरू है। दानवे ने यह बयान तब दिया जब वह गणेशोत्सव के लिए कपिल पाटिल के आवास पर आए थे। वे बोले कि बीजेपी को किसी और पार्टी को तोड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं है। बीजेपी किसी की पार्टी नहीं तोड़ती। लेकिन अगर किसी की पार्टी में फूट पड़ती है और वो हमारी मदद कर रहे हैं तो हम उनके साथ एकजुट होने को तैयार हैं। आज हमें किसी की जरूरत नहीं है। यदि असंतुष्ट हमारे विचारों से सहमत हैं, तो आइए उन्हें साथ लेकर चलते हैं।

गौर हो कि कांग्रेस विधायक और पूर्व सीएम अशोक चव्हाण गुरुवार को गणेश दर्शन के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ओएसडी आशीष कुलकर्णी के घर पहुंचे थे। यहां उन्होंने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद से सियासी गलियारों में चर्चा है कि वे भाजपा का दामन थाम सकते हैं।

Published on:
03 Sept 2022 10:43 am