
ट्रंप को चिढ़ाने के लिए ईरान ने लिया अक्षय कुमार का सहारा (सोर्स: x-@IndianIndex/IMDb)
Akshay Kumar Viral Meme: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब बॉलीवुड का एक मीम भी इस टकराव का हिस्सा बन गया है। ट्यूनीशिया स्थित ईरानी दूतावास ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तंज कसने के लिए बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार के चेहरे वाले मीम का इस्तेमाल किया है। दूतावास ने 2006 में रिलीज हुई फिल्म 'दीवाने हुए पागल' के एक सीन से अक्षय कुमार के अलग-अलग एक्सप्रेशन लिए और इन्हें मौजूदा अमेरिका-ईरान तनाव से जोड़ दिया।
8 सितंबर को ईरान के ट्यूनीशिया स्थित दूतावास के आधिकारिक एक्स अकाउंट @IranembTun से यह मीम पोस्ट किया गया। इसमें अक्षय कुमार के एक तरफ रोने और दूसरी तरफ मुस्कुराने वाले एक्सप्रेशन नजर आते हैं। मीम के जरिए ट्रंप पर अमेरिकी अंडरवाटर ड्रोन, तेल की कीमत और आगामी चुनावों को लेकर तंज कसा गया।
ईरानी दूतावास ने पोस्ट में लिखा, “एक अंडरवाटर ड्रोन खो गया। तेल 100 डॉलर के करीब है। चुनाव आ रहे हैं। कैसा चल रहा है, ट्रंप?” यह पोस्ट ऐसे वक्त सामने आई जब ईरान ने दावा किया कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश के पास एक अमेरिकी अंडरवाटर ड्रोन को कब्जे में लिया है। इस दावे के बाद ईरान के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स की ओर से अमेरिका पर तंज कसने वाली पोस्ट भी सामने आईं।
मीम में सिर्फ ड्रोन का जिक्र नहीं था। ईरानी दूतावास ने तेल की कीमतों के 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने और अमेरिका में होने वाले चुनावों को भी ट्रंप पर तंज का हिस्सा बनाया। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक अमेरिका-ईरान तनाव के बीच तेल बाजार में भी हलचल बढ़ी है। यानी एक ही मीम के जरिए ईरानी दूतावास ने ड्रोन को लेकर अपने दावे, तेल की कीमतों और अमेरिकी चुनावी राजनीति- तीनों को ट्रंप से जोड़ दिया।
ईरानी डिप्लोमैटिक अकाउंट्स के लिए मीम्स और पॉप कल्चर का इस्तेमाल कोई नया तरीका नहीं है। इससे पहले भी ईरान के विभिन्न दूतावास सोशल मीडिया पर ट्रंप और अमेरिकी नीतियों पर व्यंग्य करने के लिए मीम्स, सटायर और वायरल कंटेंट का इस्तेमाल कर चुके हैं। ट्यूनीशिया स्थित ईरानी दूतावास की ऐसी पोस्ट पहले भी चर्चा में रही हैं।
इस तरह के पोस्ट औपचारिक राजनयिक बयान की जगह सोशल मीडिया की भाषा में संदेश पहुंचाने की कोशिश के तौर पर देखे जा रहे हैं। बॉलीवुड का इस्तेमाल इस रणनीति को और ज्यादा पॉपुलर बनाने वाला फैक्टर बन गया है।
अक्षय कुमार के इस मीम ने सोशल मीडिया यूजर्स का भी ध्यान खींचा। लोगों ने ईरानी दूतावास की पोस्ट में भारतीय पॉप कल्चर के इस्तेमाल पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने तो मजाक में अक्षय कुमार को 'जियोपॉलिटिकल एसेट' तक बता दिया, यानी जिस मीम की शुरुआत बॉलीवुड कॉमेडी फिल्म के एक सीन से हुई थी, वह कुछ ही समय में अमेरिका-ईरान तनाव और सोशल मीडिया की 'मेम वॉर' का हिस्सा बन गया।
Updated on:
09 Sept 2026 05:41 pm
Published on:
09 Sept 2026 05:38 pm
