मुंबई

महाराष्ट्र: 3 बच्चों के सामने पति ने कार में की पत्नी की हत्या, शव लेकर शहर में घूमता रहा; फिर किया सरेंडर

Washim car murder case: महाराष्ट्र के वाशिम में सनसनीखेज वारदात: समृद्धि एक्सप्रेसवे पर पति सलमान खान ने चरित्र पर शक के चलते अपने ३ मासूम बच्चों के सामने कार में पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।
2 min read
Jul 14, 2026
Washim car murder case
3 बच्चों के सामने पति ने कार में की पत्नी की हत्या

husband kills wife in front of children: महाराष्ट्र के वाशिम जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सिरफिरे पति ने अपने तीन मासूम बच्चों के सामने चलती कार में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी पति कई घंटों तक अपनी पत्नी की लाश को कार में रखकर शहर की सड़कों पर घूमता रहा और बाद में खुद ही थाने जाकर सरेंडर कर दिया।

तीन मासूम बच्चों के सामने उतारा मौत के घाट

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सलमान खान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह महाराष्ट्र में अपनी पत्नी हसीन बानो और तीन बच्चों के साथ रह रहा था। घटना के वक्त पूरा परिवार कार से सफर कर रहा था। पुलिस को आशंका है कि यह वारदात समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान हुई। रास्ते में पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। गुस्से में आकर सलमान ने पहले लोहे की रॉड से हसीन बानो पर हमला किया और फिर बच्चों के सामने ही गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इस खौफनाक मंजर को कार में बैठे तीनों बच्चे बेबसी से देखते रहे।

कार में लाश लेकर घूमता रहा, फिर खुद पहुंचा पुलिस स्टेशन

हत्या जैसी जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। वह पत्नी के शव को कार में ही रखकर वाशिम के कारंजा शहर में काफी देर तक घूमता रहा। इसके बाद वह खुद ही कार चलाकर पुलिस स्टेशन पहुंच गया।
वाशिम के पुलिस अधीक्षक (SP) निकेश खाटमोडे ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 'आज सुबह सलमान नाम का एक आरोपी कारंजा पुलिस स्टेशन पहुंचा। उसने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और उसकी लाश बाहर खड़ी कार में रखी है। पुलिस ने जब बाहर जाकर कार की तलाशी ली, तो उसमें महिला का शव बरामद हुआ। आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया है।'

चरित्र पर शक बना हत्या की वजह

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सलमान को अपनी पत्नी हसीन बानो के चरित्र पर शक था। वह उसकी वफादारी पर संदेह करता था, जिसके कारण उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे और इसी शक के चलते उसने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। एसपी ने बताया कि हत्या समृद्धि एक्सप्रेसवे पर किस सटीक जगह पर की गई, यह अभी पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और कार में सवार बच्चों से भी पूछताछ की जा रही है।

Updated on:
14 Jul 2026 06:05 pm
Published on:
14 Jul 2026 06:05 pm