Maharashtra Weather News: मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। इस दौरान कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।
Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मॉनसून फिर सक्रीय हो गया है। जिस वजह से करीब चार दिन के ब्रेक के बाद मुंबई और ठाणे में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह को मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज मुंबई समेत उपनगरों में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश होगी।
मौसम विभाग (IMD) ने आज सुबह बताया कि कोंकण समेत पश्चिमी तट पर मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया है और आज कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। जबकि अगले 2-3 घंटों में मुंबई और ठाणे में मध्यम से भारी बारिश की उम्मीद है। यह भी पढ़े-Mumbai Rains: मुंबई में वीकेंड पर बढ़ेगा बारिश का जोर, पढ़ें IMD की ताजा भविष्यवाणी
मुंबई में जारी रहेगी बारिश!
आज सुबह से ही मुंबई और उसके उपनगरों में भारी बारिश हो रही है। इससे मुंबईकरों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि कुछ स्थानों पर जलजमाव होने से यातायात प्रभावित हुआ। खासकर मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में भारी बारिश देखी जा रही है। अंधेरी सबवे के आसपास बारिश का पानी जमा होने के कारण सुबह करीब पौने नौ बजे वहां यातायात रोक दिया गया।
बीएमसी (BMC) के मुताबिक मुंबई शहर तथा इसके पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में सुबह 8 समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में क्रमशः 53.54 मिलीमीटर, 25.06 मिमी और 26.23 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, मुंबई में अगले 4-5 दिनों तक ऐसे ही बारिश जारी रहने के आसार है।
लोकल ट्रेनें प्रभावित
रेलवे ने बताया कि मुंबई लोकल ट्रेनें समय पर चल रही हैं, जबकि यात्रियों ने 15 मिनट की देरी से चलने की शिकायत की। पिछले एक सप्ताह से मुंबई में हल्की बारिश हो रही थी। वहीँ, सायन में साधना विद्यालय के पास पेड़ गिरने के कारण बेस्ट बस ने करीब 6 रूटों पर अपनी बसों का मार्ग बदला।
महाराष्ट्र में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है और मराठवाड़ा सहित कुछ अन्य स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। जिससे किसानों को राहत मिलेगी।