मुंबई

महाराष्ट्र में मौसम ने फिर मारी पलटी! बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की आहट, क्या होगा असर?

Maharashtra Weather: पिछले कुछ दिनों से रात की गुलाबी ठंड के कारण राज्य भर में मौसम बेहद सुहावना बना हुआ था। लेकिन अब मौसम के मिजाज में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात के कारण तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 6:08 PM IST
Maharashtra weather alert
महाराष्ट्र के मौसम पर बड़ी अपडेट (Patrika File Photo)

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से रात और सुबह के समय गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा था। दिवाली के आसपास तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना हो गया था। हालांकि, अब एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 16 नवंबर के आसपास यह मौसम प्रणाली चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है। हालांकि, इसका महाराष्ट्र पर कोई बड़ा प्रभाव पड़ने की संभावना फिलहाल नहीं है। लेकिन इससे राज्य के तापमान में बढ़ोतरी होने की उम्मीद जरुर है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र, बढ़ेगा तापमान

मौसम में बदलाव की शुरुआत बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानी जा रही है। इस मौसम प्रणाली की तीव्रता बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दवाब की स्थिति अगले 24 घंटों में गहरे दबाव में बदल सकता है। 16 नवंबर के आसपास यह चक्रवात में बदल सकता है।

वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अनुपम कश्यपी के मुताबिक, उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान में गिरावट आई थी। इसी वजह से रात और सुबह के समय ठंडक महसूस हो रही थी। लेकिन बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से तापमान में फिर बढ़ोतरी हो रही है।

हालांकि, महाराष्ट्र में चक्रवात का कोई बड़ा प्रभाव दिखाई देने की संभावना नहीं जताई गई है। लेकिन तापमान में बढ़ोतरी के कारण पिछले कुछ दिनों से महसूस हो रही रात की ठंडक कम हो सकती है।

दिवाली के बाद रात के तापमान में आई थी गिरावट

मॉनसून की वापसी के बाद अक्टूबर महीने में लोगों को तेज धूप और गर्मी का सामना करना पड़ा था। इसके बाद हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू होने और उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं आने के कारण दिवाली के आसपास रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

इससे सुबह मौसम सुहावना रहने लगा था। हालांकि, दिन के समय धूप की तीव्रता बनी हुई थी। पिछले कुछ दिनों में मुंबई-पुणे और आसपास के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में अच्छी गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को मुंबई (सांताक्रुज़ मौसम केंद्र) में 20 डिग्री सेल्सियस और पुणे में 13.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान क्रमशः 35.3 डिग्री सेल्सियस और 32 डिग्री सेल्सियस रहा।

महाराष्ट्र में कहां सबसे ज्यादा गर्मी?

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, आज महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 12 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 31 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान मध्य महाराष्ट्र के जेउर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान रत्नागिरी में 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

Updated on:
14 Nov 2026, 6:08 PM IST
Published on: