Maharashtra Temperature: मौसम विभाग ने बताया कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में मंगलवार को इस सीजन में पहली बार पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार गया गया है।
Mumbai Weather Update: महाराष्ट्र में बारिश और बादलों की वजह से मार्च का महिना बिना ज्यादा गर्मी के कूल-कूल बीत गया। यहां तक कि अप्रैल के शुरू के 10 दिन भी ज्यादा गर्मी नहीं सहनी पड़ी। लेकिन अब मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है और पारा चढ़ रहा है। नतीजतन राज्य के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने बताया कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में मंगलवार को इस सीजन में पहली बार पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार गया गया है। विदर्भ क्षेत्र में स्थित चंद्रपुर जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे यह राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। यह भी पढ़े-महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश से हजारों हेक्टेयर फसल बर्बाद, IMD ने कहा- फिर होगी बारिश, चलेगी आंधी
विदर्भ और मराठवाडा के कई जिलों में सुबह से ही भीषण गर्मी महसूस होने लग रही है और दोपहर बाद सड़कें वीरान हो जाती हैं, क्योंकि लोग चिलचिलाती गर्मी में घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
जबकि जिला मुख्यालय से 127 किलोमीटर दूर स्थित ब्रह्मपुरी तहसील में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। विदर्भ क्षेत्र के अन्य जिलों की बात करें तो, वर्धा में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस, अकोला में 39.9 डिग्री सेल्सियस, अमरावती में 39.6 डिग्री सेल्सियस, यवतमाल में 39.5 डिग्री सेल्सियस, बुलढाणा में 39.2 डिग्री सेल्सियस और नागपुर व गोंदिया में 39-39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मुंबई में भी गर्मी का सितम शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ने की भविष्यवाणी की है। बीते कुछ दिनों से शहरवासियों को उमस भरी गर्मी का अहसाह हो रहा है। खासकर दोपहर में कड़ी धूप से गर्मी चुभने लगी है, जिस वजह से लोग बाहर निकलने से बच रहे है। जबकि मुंबई में वीकेंड से तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है।