मुंबई

Weather Update: मुंबई में बीती रात रही सबसे ठंडी, जानें 30-31 दिसंबर को राज्य में कैसा रहेगा मौसम

Maharashtra Weather: मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी की संभावना जताई है।

2 min read
Dec 26, 2023
मुंबई में पारा लुढ़का, ठंड बढ़ी

Maharashtra Weather Update: मुंबई समेत पूरे राज्य में तापमान में गिरावट आई है। राज्य के कुछ हिस्सों में सर्दी का सितम शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि ठंड का जोर साल के अंत तक जारी रहने की उम्मीद है। पहाड़ों पर बारिश और भारी बर्फबारी से उत्तर भारत में ठंडी हवाएं तेजी से चल रही हैं। इसके प्रभाव से पूरे महाराष्ट्र में तापमान में गिरावट आई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी की संभावना जताई है। अगले 3 से 4 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और आसपास के मध्य भारत के हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की भविष्यवाणी भी की गई है। यह भी पढ़े-Weather Update: सर्दी में गर्मी का अहसास... मुंबई में तापमान में 16 डिग्री का अंतर, इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, 30-31 दिसंबर को मुंबई, ठाणे, पालघर और पुणे सहित विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है। यानी नए साल का स्वागत ठंड के बीच होने की उम्मीद है। हालांकि न्यूनतम तापमान में गिरावट ज्यादा नहीं होगी, लेकिन सर्दी महसूस की जाएगी।

राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में काफी गिरावट आयी है। मुंबई, ठाणे, पुणे, पालघर जिलों में सुबह और रात के तापमान में बड़ी गिरावट देखी जा रही है। उत्तरी महाराष्ट्र में शीतलहर जारी है, लेकिन राज्य के अन्य जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। उत्तर से आने वाली हवाओं के कारण उत्तरी महाराष्ट्र ठंडी की मार झेल रहा है। मुंबई, ठाणे और पुणे में भी ठंड पड़ रही है। राज्य में साल के अंत तक तापमान ऐसा ही रहने की उम्मीद है।

मुंबई में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज

इस बीच, आज मुंबई में इस सीज़न का सबसे कम रात का तापमान दर्ज किया गया। आईएमडी के सांताक्रुज़ मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार की सुबह मुंबई में सबसे कम तापमान 18.9 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से दो डिग्री कम था।


उत्तरी महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से नीचे चला गया है। विदर्भ के यवतमाल, चंद्रपुर, गोंदिया, नागपुर, वाशिम में न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट आई है। इसके अलावा मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी पारा काफी गिर गया है।

Published on:
26 Dec 2023 01:09 pm
Also Read
View All