मुंबई

Zika Virus: महाराष्ट्र में बढ़ रहा जीका का खतरा, 78 और 75 साल के बुजुर्ग मिले पॉजिटिव, जानें लक्षण

Zika Virus in Maharashtra: जीका वायरस से संक्रमित मरीज में बुखार, शरीर में दर्द और चकत्ते जैसे लक्षण दिखे थे। जिसके बाद जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई।

2 min read
Sep 15, 2023
महाराष्ट्र में H3N2 से संक्रमित 2 मरीजों की मौत!

Zika Virus in Kolhapur: केरल में जानलेवा निपाह वायरस के बढ़ते कहर के बीच महाराष्ट्र में जीका वायरस ने खतरे की घंटी बजाई है। महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले (Kolhapur News) में जीका वायरस के दो मरीज मिले है। दोनों बुजुर्ग पुरुष संक्रमितों में जीका की पुष्टि हो गयी है। इसके बाद से क्षेत्र में खतरनाक वायरस को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। हालांकि प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और सभी जरुरी कदम उठा रहा है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कोल्हापुर जिले के इचलकरंजी (Ichalkaranji) इलाके में जीका वायरस के दो मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जीका संक्रमण के दोनों मामले नए नहीं है और यह पिछले पखवाड़े सामने आए थे। यह भी पढ़े-मुंबई में मिला जीका वायरस का मरीज, BMC हुई अलर्ट

स्वास्थ्य निगरानी अधिकारी प्रताप सिंह सार्निकर ने कहा, ‘‘एक मरीज 78 साल का है, जबकि दूसरा 75 साल का है। अच्छी बात यह है कि दोनों संक्रमण से ठीक हो गए हैं। इनमें से एक मरीज में बुखार, शरीर में दर्द और चकत्ते जैसे लक्षण दिखे थे। जिसके बाद जांच में जीका संक्रमण की पुष्टि हुई।“

उन्होंने कहा कि मरीज के सैंपल के साथ उसके संपर्क में आये कुछ और लोगों के सैंपल नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ इम्यूनोलॉजी (पुणे) भेजा गया था। जिसमें मरीज के संपर्क में आया एक अन्य व्यक्ति भी संक्रमित पाया गया।

जानिए लक्षण (Zika Virus Symptoms)

जीका वायरस एडीज मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारी है। सबसे पहले इसका मामला 1947 में युगांडा में सामने आया था। एडीज मच्छर के काटने से जीका वायरस इंसान के शरीर में प्रवेश करता है। इस बीमारी के 80 प्रतिशत मरीजों में कोई लक्षण नहीं होते हैं। जबकि अन्य संक्रमितों में बुखार, जोड़ों में दर्द, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, लाल आँखें, उल्टी, शरीर पर लाल चिकत्ते पड़ना जैसे लक्षण दिखते है।

क्या है जीका का इलाज? (Zika Virus Prevention)

जीका की कोई वैक्सीन या कोई इलाज नहीं है। जीका वायरस संक्रामक नहीं है। एक मच्छर जिसने जीका वायरस से पीड़ित किसी व्यक्ति को काटा है, यदि वह किसी अन्य व्यक्ति को काटता है तो वह भी जीका से संक्रमित हो सकता है। डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर आदि समस्याओं वाले लोगों को अधिक ध्यान देने की आवश्यकता होती है। कहीं यात्रा से आने के बाद दो दिनों तक बुखार बना रहे तो डॉक्टर से तुरंत सलाह लेनी चाहिए।

Published on:
15 Sept 2023 09:55 pm
Also Read
View All