8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महाराष्ट्र: दोस्तों ने बर्थडे पार्टी में नहीं बुलाया तो युवक ने उठाया खौफनाक कदम, पिता का सपना टूटा!

Maharashtra News: महाराष्ट्र के बीड जिले में 24 वर्षीय एक युवक ने अपने दोस्तों के साथ हुए विवाद के चलते आत्महत्या कर ली। वह इस बात से आहत था कि उसके दोस्तों ने उसे जन्मदिन की पार्टी में नहीं बुलाया था।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Apr 08, 2026

Maharashtra Beed youth suicide

जन्मदिन की पार्टी में न बुलाने से आहत महेश ने दी जान (Photo: FB)

महाराष्ट्र के बीड जिले के अंबाजोगाई से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। दोस्तों के साथ हुए विवाद और फिर जन्मदिन की पार्टी में नहीं बुलाए जाने से आहत 24 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

'मैं अकेला पड़ गया'

मृतक युवक की पहचान अंबाजोगाई तालुका के कुंबेफल गांव निवासी महेश उद्भव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले महेश का अपने दोस्तों के साथ विवाद हुआ था। सोमवार 6 अप्रैल को उसके एक दोस्त का जन्मदिन था, लेकिन इस बार महेश को पार्टी में नहीं बुलाया गया।

बताया जा रहा है कि महेश हमेशा अपने दोस्तों के काम और उनके जन्मदिन के जश्न में सबसे आगे रहता था। हालांकि, कुछ दिनों पहले उसका अपने दोस्तों से विवाद हो गया था। जिसके चलते इस बार दोस्तों ने उसे नजरअंदाज कर दिया था। इसी बात ने महेश को अंदर से तोड़ दिया और वह गहरे मानसिक तनाव में चला गया।

स्टेटस रखा और फिर मौत को लगाया गले

घटना से पहले मंगलवार दोपहर महेश ने अपने मोबाइल पर एक भावुक स्टेटस लगाया, जिसमें लिखा “अपना दुख किसे बताऊं, मैं अकेला पड़ गया हूं।“ इसके कुछ ही समय बाद उसने घर की छत पर जाकर जहरीला पदार्थ पी लिया।

बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर महेश अपने घर की छत पर सोने के लिए गया। वहीं उसने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पी लिया। देर शाम तक जब वह नीचे नहीं आया, तो परिजनों को शक हुआ।

रात करीब 8 बजे जब परिवार के लोग छत पर पहुंचे, तो महेश बेहोशी की हालत में मिला। उसे तुरंत नजदीकी अंबाजोगाई सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

महेश के पिता ने बेटे के भविष्य के लिए अपनी जमीन तक बेच दी थी और अंबाजोगाई शहर में उसके लिए कपड़ों की दुकान शुरू करवाई थी। लेकिन बेटे के इस कदम ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। पिता समेत पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

गांव वालों का कहना है कि महेश के पिता ने उसकी जिद पूरी करने के लिए अपनी जमीन तक बेच दी थी, ताकि अंबाजोगाई शहर में उसे कपड़ों की दुकान खोलकर दे सकें। पिता ने अपने बेटे के भविष्य के लिए जो सपने संजोए थे, वे अब चकनाचूर हो गए हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस घटना के बाद कुंबेफल गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। सूचना मिलते ही अंबाजोगाई ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या दोस्तों के साथ हुए विवाद के पीछे कोई और गंभीर कारण था या यह केवल आपसी मनमुटाव का मामला था।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, यदि कोई युवक की मौत के लिए जिम्मेदार पाया गया तो उसके खिलाफ केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि मानसिक तनाव और अकेलापन कितना खतरनाक रूप ले सकता है। ऐसे समय में परिवार और दोस्तों का साथ, संवाद और समझ बेहद जरूरी होती है।