
25 एकड़ जमीन के लिए छह लोगों की हत्या (AI Image)
महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा क्षेत्र के पास एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कर्नाटक के विजयपुरा (Vijayapura) जिले के चडचन तालुका स्थित गोविंदपुर गांव में शुक्रवार को 25 एकड़ जमीन के पुराने विवाद में छह लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पीड़ितों पर पहले धारदार हथियारों से हमला किया और फिर गोलियां बरसाकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद पूरा इलाका दहल उठा है। गौर हो कि महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा पर बहने वाली भीमा नदी के किनारे बसे गांवों में जमीन विवाद, पारिवारिक दुश्मनी और अन्य कारणों से अतीत में भी कई हिंसक घटनाओं का गवाह रह चुका है।
मिली जानकारी के अनुसार, निराले और गोलगी परिवारों के बीच पिछले कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद को सुलझाने के लिए कुछ दिनों पहले भी स्थानीय स्तर पर मध्यस्थता बैठक बुलाई गई थी। शुक्रवार को एक बार फिर दोनों पक्ष समझौते की बातचीत के लिए इकट्ठा हुए थे। लेकिन इसी दौरान कथित तौर पर गोलगी परिवार और उनके समर्थकों की टोली ने हथियारों से लैस होकर निराले परिवार पर अचानक धावा बोल दिया। गन्ना काटने वाले धारदार हथियारों और अंधाधुंध फायरिंग की वजह से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोगों की हालत गंभीर है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
इस हमले में पूर्व पंचायत सदस्य चंद्रशेखर निराले, रेवणसिद्धप्पा निराले, दुंडप्पा रेवणसिद्धप्पा निराले, शिवपुत्र रेवणसिद्धप्पा निराले और शब्बीर नदाफ की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में निराले परिवार के एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हमलावरों ने पहले धारदार हथियारों से हमला किया और फिर गोलीबारी की। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि लगभग 25 एकड़ कृषि भूमि को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले 15 वर्षों से विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, निराले परिवार ने यह जमीन प्रति एकड़ 15 लाख रुपये की भाव से खरीदी थी। आरोप है कि इस जमीन को खरीदने की इच्छा रखने वाले गोलगी परिवार के कुछ सदस्य इस सौदे से नाराज थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार मारपीट और विवाद की स्थिति बनी थी। कुछ दिन पहले विवाद सुलझाने के लिए मध्यस्थता बैठक भी आयोजित की गई थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
मृतकों में शामिल चंद्रशेखर निराले चडचन क्षेत्र के जाने-माने व्यक्ति थे और वे पूर्व तालुका पंचायत सदस्य भी रह चुके थे। निराले परिवार इलाके के प्रतिष्ठित और आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों में गिना जाता है। इस संयुक्त परिवार में सदस्यों की संख्या 30 से अधिक बताई जाती है।
इस सामूहिक हत्याकांड के बाद गोविंदपुर गांव और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उधर, सभी शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया और कड़ी सुरक्षा में उनका अंतिम संस्कार किया गया है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मामले में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।
Published on:
30 May 2026 07:18 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
