
मुंबई. महाराष्ट्र में सत्ताधारी भाजपा-शिवसेना गठबंधन (महायुति) को दोबारा सरकार बनाने का जनादेश मिला है। 288 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 145 विधायक चाहिए, जिसके मुकाबले महायुति को 161 सीटें मिली हैं। भाजपा के 105 विधायक जीते हैं तो शिवसेना के 54 विधायक चुने गए हैं।
2014 के मुकाबले भाजपा को 17 सीटें कम मिली हैं। शिवसेना के विधायकों की संख्या 63 से घट कर 54 रह गई है। नई सरकार के गठन से जुड़ी कवायद के बीच शिवसेना के तेवर गरम हैं। दक्षिण मुंबई में वर्ली सहित कई जगहों पर ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिसमें आदित्य ठाकरे को भावी मुख्यमंत्री बताया गया है। विदित हो कि आदित्य शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे हैं। शिवसेना के गठन के बाद वह ठाकरे परिवार के पहले शख्स हैं, जो न सिर्फ चुनाव मैदान में उतरे बल्कि जीते भी हैं।
चुनावी नतीजों की घोषणा के बाद से ही उद्धव ठाकरे और शिवसेना नेताओं को तेवर बदले हुए हैं। शिवसेना ने सिर्फ 50:50 फॉर्मूला के आधार पर सरकार में हिस्सेदारी चाहती है बल्कि मंत्रिमंडल में अहम विभाग भी चाहती है। विश्लेषकों मानते हैं कि यह भाजपा पर दबाव बनाने की रणनीति है ताकि नई सरकार के गठन में मनमाफिक विभाग मिलें। शिवसेना का लंबे अरसे से शिकायत रही है कि केंद्र और राज्य सरकार में उसे वांछित प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। यही मौका है जिसे शिवसेना हाथ से नहीं जाने देना चाहेगी।
उप-मुख्यमंत्री की पेशकश
विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के साथ शिवसेना का गठबंधन था। शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ी जबकि भाजपा ने अन्य सहयोगी दलों को मिला कर 164 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। भाजपा ने देवेंद्र फडणवीस को ही अगला मुख्यमंत्री घोषित किया है। फडणवीस पहले ही कह चुके हैं कि भाजपा उप-मुख्यमंत्री की कुर्सी देने के लिए तैयार है, जिसका फैसला शिवसेना को करना है। ऐसे में आदित्य को भावी मुख्यमंत्री बताने वाले पोस्टर पर भाजपा नेताओं को पसीना आना स्वाभाविक है।