Maharastra Unseasonal Rain: मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक गरज, आंधी के साथ बारिश की संभावना है। लेकिन ओलावृष्टि का खतरा नहीं है।
Maharastra Weather News: महाराष्ट्र के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से बेमौसम बारिश हो रही है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई है। जिस वजह से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग (IMD) की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार, कोंकण और विदर्भ के किसानों को राहत मिलने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि इन दोनों संभागों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मुंबई सहित कोंकण के चार जिलों को बेमौसम मौसम से आज और कल राहत मिल सकती है, जबकि विदर्भ के 11 जिलों को 3 दिनों तक बेमौसम मौसम से राहत मिल सकती है। हालांकि उसके बाद मौसम में बदलाव होने की संभावना है। यह भी पढ़े-Maharashtra: मराठवाडा में बेमौसम बारिश का कहर, बिजली गिरने से 4 की मौत, 54 जानवर भी मरे
भले ही कोंकण और विदर्भ में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन अन्य हिस्सों में बेमौसम बारिश की संभावना बनी हुई है। मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक गरज, आंधी के साथ बारिश की संभावना है। जबकि राज्य के बाकी हिस्सों यानी खानदेश, नासिक, नगर, पुणे, सतारा, सांगली, कोल्हापुर, सोलापुर जिले और पूरे मराठवाड़ा में 14 अप्रैल तक बारिश हो सकती है और तेज हवा भी चलने की उम्मीद है। लेकिन ओलावृष्टि का खतरा नहीं है। इस बीच, 16 अप्रैल से पूरे महाराष्ट्र को बेमौसम बारिश से छुटकारा मिल सकता है।
अभी नहीं टली मुसीबत! आधे महाराष्ट्र में गरज के साथ होगी बारिश, अलर्ट जारी-
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में बेमौसम बरसात के साथ ओलावृष्टि और बिजली गिरने से कई जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। प्याज, अंगूर, अनार और सब्जियों की खेती काफी प्रभावित हुई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज नासिक जिले के प्रभावित इलाकों का दौरा किया और किसानों को हुए नुकसान की समीक्षा की। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को बताया कि पिछले दो दिनों में बेमौसम बारिश से पश्चिमी विदर्भ क्षेत्र के अमरावती, अकोला, यवतमाल, वाशिम और बुलढाणा जिलों में 7,400 हेक्टेयर से अधिक में फसलों को नुकसान पहुंचा है। जबकि फसलों की क्षति का आकलन का काम अभी भी चल रहा है।