मुंबई

Mumbai: सगे मामा के प्यार में घर छोड़कर भागी नाबालिग, वहां पहुंची तो गंवानी पड़ी जान!

Mumbai Crime: मुंबई से सटे वसई इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने 28 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जो मृतक लड़की का मामा है।
2 min read
Nov 19, 2025
Mama Bhanji love story Vasai
मुंबई में रिश्तों को कलंकित करने वाला मामला (AI Image)

मुंबई में रिश्तों को कलंकित कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 16 साल की किशोरी की उसके ही मामा ने लोकल ट्रेन से धक्का देकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि 28 वर्षीय आरोपी ने चलती ट्रेन से भायंदर और नायगांव के बीच उसे धक्का दे दिया। डिब्बे में मौजूद यात्रियों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।

वालिव पुलिस के अनुसार, किशोरी 15 नवंबर को मुंबई के मानखुर्द स्थित अपने घर से निकलकर वसई (पूर्व) में रहने वाले आरोपी मामा के पास पहुंची थी। पुलिस जब इस मामले की जांच में आगे बढ़ी तो एक चौंकाने वाला सच सामने आया। आरोपी और नाबालिग लड़की के बीच प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि वह अपने सगे मामा से शादी करने के लिए ही घर से भागकर वसई गई थी। लेकिन आरोपी को लगा कि लड़की उसके लिए बोझ बन सकती है, जिसके बाद उसने उसे मारने का फैसला किया।

मां ढूंढती रही, मामा ले गया मौत की ओर...

शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक लड़की पहले से ही परिवारिक तनाव से गुजर रही थी। वह अपने पिता से जुड़े एक मामले में शिकायतकर्ता थी, जिसमें पिता पर केस दर्ज हुआ था। पिछले साल पिता ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद लड़की अपनी मां और भाई के साथ रहती थी। लेकिन शनिवार को अचानक वह घर छोड़कर वसई में रहने वाले आरोपी मामा के पास चली गई।

कई घंटे तक जब वह घर नहीं आई तो मां और परिवार के बाकि लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। इस बीच, रविवार को वसई में ही रहने वाले लड़की के बड़े मामा ने उसे आरोपी के साथ देख लिया और तुरंत उसकी मां को सूचना दी। इसके बाद मां जब बेटी को लेने अपने छोटे भाई (आरोपी) के घर पहुंची तो दरवाजे पर ताला लटक रहा था। आरोपी के साथ लड़की भी गायब थी। शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।

मौके पर मौत ही मौत, आरोपी को दबोचा

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी और किशोरी चर्चगेट-विरार लोकल ट्रेन में सफर कर रहे थे। दोनों दरवाजे पर खड़े थे, तभी भायंदर और नायगांव के बीच आरोपी ने लड़की को पीछे से धक्का दे दिया। वह पटरी पर गिर गई और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई।

डिब्बे में मौजूद कुछ यात्रियों ने मामा की करतूत को देख लिया और उसे पकड़कर वसई रोड पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चश्मदीद गवाहों के बयान दर्ज कर हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 21 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। फ़िलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

Updated on:
19 Nov 2025 01:39 pm
Published on:
19 Nov 2025 12:21 pm