मुंबई

हाथ बांधकर पाइप से पीटा: महाराष्ट्र में मेरठ जैसा ‘ड्रम मर्डर’, प्रेमिका ने पति और भाई के साथ मिलकर प्रेमी को मार डाला

Mumbra Engineer Murder: ठाणे के मुंब्रा के रहने वाले 26 वर्षीय रियल एस्टेट इंजीनियर अरबाज खान की वसई में बेरहमी से हत्या कर दी गई। अरबाज की प्रेमिका ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर पहले उसे बंधक बनाकर पीटा और फिर शव को हरे ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
May 16, 2026
मुंबई में मेरठ जैसा 'ड्रम मर्डर' (PHOTO X )

Green Drum Murder : महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मेरठ के चर्चित ‘ब्लू ड्रम मर्डर’ केस की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं। वसई इलाके में एक 26 वर्षीय सिविल इंजीनियर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि इंजीनियर की प्रेमिका थी, जिसने अपने पति, भाई और एक दोस्त के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया।

'हिंदुस्तान टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान 26 वर्षीय अरबाज मकसूद अली खान के रूप में हुई है। अरबाज मुंब्रा का रहने वाला था और डोंबिवली की एक जानी-मानी रियल एस्टेट कंपनी में बतौर इंजीनियर काम करता था। 3 अप्रैल को अरबाज अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह काम के सिलसिले में दादर जा रहा है, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो उसके पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

ये भी पढ़ें

नीले नहीं, अब ‘हरे ड्रम’ में मिला प्रेमी का शव; मुंबई में मेहजबीन ने भाई और पति संग मिलकर की हत्या

प्रेमिका की लोकेशन ने खोला 'अंधे कत्ल' का राज

मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने जब अरबाज के कॉल रिकॉर्ड्स (CDR) और मोबाइल लोकेशन को खंगाला, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं। जांच में पता चला कि अरबाज की आखिरी लोकेशन वसई इलाके में थी। ठीक उसी समय, अरबाज की कथित गर्लफ्रेंड महजबीन शेख (25 वर्ष) का मोबाइल भी उसी टावर लोकेशन में एक्टिव पाया गया। शक के आधार पर पुलिस ने महजबीन को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो उसने खौफनाक सच उगल दिया।

हाथ बांधकर प्लास्टिक पाइप से पीटा

पूछताछ में महजबीन ने कबूल किया कि उसने अपने पति हसन, भाई तारिक शेख और उसके एक दोस्त के साथ मिलकर अरबाज को मौत के घाट उतारा है। आरोपियों का मुख्य मकसद अरबाज को जाल में फंसाकर उससे मोटी रकम ऐंठना था। साजिश के तहत अरबाज को वसई बुलाया गया। वहां पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने अरबाज के दोनों हाथ बांध दिए और प्लास्टिक के मोटे पाइप से उसकी बेरहमी से पिटाई की। अधमरा होने के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने अरबाज के शव को हरे रंग के एक बड़े प्लास्टिक ड्रम में बंद किया और सुनसान इलाके के एक नाले में फेंक दिया।

प्रेमिका और भाई गिरफ्तार, पति अब भी फरार

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी महिला महजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, महिला का पति हसन और उसका साथी मुजम्मल अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने शव को नाले से बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read
View All