मुंबई

Mumbai Auto-Taxi Strike: मुंबई के लोगों की बढ़ेंगी मुश्किलें, 26 सितंबर से टैक्सी और ऑटो की होगी अनिश्चितकालीन हड़ताल

मुंबई टैक्सीमैन यूनियन का कहना है कि पिछले साल मार्च में अंतिम किराया संशोधन के बाद से सीएनजी (CNG) की कीमत में कुल 32 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी के कारण रोजाना 250 से 300 रुपये की कमाई का नुकसान हो रहा है।

2 min read
Sep 21, 2022
Mumbai Taxi and auto union Calls Off strike
मुंबई में टैक्सी और ऑटो यूनियन ने हड़ताल वापस ली

मुंबईकरों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल शहर में टैक्सी और ऑटोरिक्शा से सफर करने वाले लोगों को 26 सितंबर से दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसका कारण यह है कि मुंबई में टैक्सी चालक और ऑटोरिक्शा चालक ने अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की चेतावानी दी है। टैक्सी यूनियन ने बुधवार को घोषणा की कि वे 26 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। इससे पहले, यूनियन ने राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत के साथ बैठक के बाद हड़ताल वापस ले ली थी।

मुंबई टैक्सीमेन यूनियन के महासचिव ए एल क्वाड्रोस ने मीडिया को बताया कि हम हड़ताल पर जा रहे हैं। यूनियन द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि मुंबई टैक्सीमैन यूनियन, मुंबई टैक्सी एसोसिएशन और ऑटोरिक्शा यूनियनों ने माननीय औद्योगिक मंत्री उदय सामंत द्वारा की गई प्रतिबद्धता की विफलता के विरोध में 26 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। महाराष्ट्र राज्य टैक्सी और ऑटोरिक्शा का किराया संशोधित करेगा। यह भी पढ़ें: Maharashtra News: कलयुगी बेटे ने प्रेमिका के साथ मिलकर मां का घोंटा गला, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान

बयान में आगे कहा गया है कि औद्योगिक मंत्री ने 13 सितंबर को मंत्रालय में सभी टैक्सी और ऑटो यूनियनों की एक बैठक बुलाई थी और यूनियनों से हड़ताल वापस लेने की अपील की थी। उन्होंने 10 दिनों के भीतर किराया संशोधन की मांगों पर विचार करने की बात कही थी। मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के आधार पर संघ ने हड़ताल वापस लेने का फैसला किया। हालांकि मंत्री अपनी प्रतिबद्धता का पालन करने में विफल रहे हैं। जिसकी वजह से टैक्सी और रिक्शा ऑपरेटरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है।

बता दें कि मुंबई टैक्सीमैन यूनियन का कहना है कि मार्च 2021 में अंतिम किराया संशोधन के बाद से सीएनजी की कीमत में कुल 32 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी से टैक्सी और ऑटोरिक्शा चलाने वालों को रोजाना 250 से 300 रुपये की कमाई का नुकसान हो रहा है। अगर जल्द से जल्द फैसला नहीं लिया जाता है तो हड़ताल करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। ऑटो और टैक्सी चालक संघ ने कहा था कि मुंबई में करीब 48 हजार टैक्सी चालकों और करीब दो लाख ऑटोरिक्शा चालकों ने किराए में बढ़ोतरी की मांग को लेकर 26 सितंबर से हड़ताल पर जाने का फैसला किया है।

Published on:
21 Sept 2022 07:44 pm