मुंबई

मुंबई के मशहूर रेस्टोरेंट ने चिकन डिश में परोसा चूहे का मांस, मैनेजर-शेफ और सप्लायर पर FIR

Papa Pancho Da Dhaba: मुंबई पुलिस ने रेस्टोरेंट के मैनेजर, किचन स्टाफ और चिकन के सप्लायर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की छानबीन चल रही है।
2 min read
• •
Updated: 16 Aug 2023, 4:16 PM IST
papa_pancho_da_dhaba.jpg
मुंबई के मशहूर रेस्टोरेंट ने चिकन के नाम पर खिलाया चूहा!

Mumbai Bandra Restaurant: मुंबई से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शहर के बांद्रा इलाके के एक मशहूर रेस्टोरेंट में चिकन डिश में कथित तौर पर चूहे का बच्चा मिला है। ग्राहक की शिकायत के आधार पर बांद्रा पुलिस ने होटल के मैनेजर, शेफ और चिकन मुहैया कराने वाले के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राहक ने चिकन करी (Chicken Curry) में चूहे के अवशेष पाए जाने के बाद बांद्रा स्थित 'पापा पंचो दा ढाबा' रेस्टोरेंट (Papa Pancho Da Dhaba Restaurant) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बांद्रा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह भी पढ़े-पुणे: लड़के ने 'पत्नी' लिखकर सोशल मीडिया पर डाली फोटो, तो 14 वर्षीय लड़की ने उठाया खौफनाक कदम

चूहे के अवशेषों वाला दूषित भोजन परोसने के आरोप में रेस्टोरेंट के मैनेजर और रसोई कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गोरेगांव में रहने वाला शिकायतकर्ता पेशे से बैंकर है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना 13 अगस्त को रात 9:30 बजे की है जब दो दोस्त बांद्रा पश्चिम के पाली नाका स्थित (Pali Naka Bandra) 'पापा पंचो दा ढाबा' रेस्टोरेंट में गए थे। उन्होंने खाने के लिए एक चिकन प्लेट, एक मटन प्लेट, 2 दाल मखनी, 2 दही मटका और चार पराठे का ऑर्डर दिया।

अधिकारी ने बताया, "जब वे खा रहे थे तो उन्होंने चिकन प्लेट में एक असामान्य चीज देखी, जो चिकन से अलग लग रहा था। करीब से देखने पर उन्हें एहसास हुआ कि यह चूहे के अवशेष थे। उन्होंने तुरंत मैनेजर से इसकी शिकायत की और पूछताछ की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। फिर उन्होंने बांद्रा पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई।''

पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, "हमने रेस्टोरेंट के मैनेजर, किचन स्टाफ और चिकन के सप्लायर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 272, 336, और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन चल रही है।"

Published on: