
Mumbai Attack Threat: 26/11 मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी के मौके पर मायानगरी मुंबई को एक बार फिर दहलाने की धमकी मिली है। मुंबई की महापौर (मेयर) रितु तावड़े और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की आयुक्त अश्विनी भिड़े को एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। इस ईमेल में आज दोपहर 1:11 बजे मेयर कार्यालय में बम धमाका करने, अगले 30 दिनों तक पूरे शहर में ग्रेनेड हमले करने और 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मुंबई के प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को आईईडी (IED) धमाकों से उड़ाने की चेतावनी दी गई है।
मुंबई में बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ईमेल आज सुबह 10 बजकर 12 मिनट पर आया है। इसमें मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने के साथ-साथ अगले 30 दिनों में मुंबई के अलग-अलग इलाकों में ग्रेनेड हमले करने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मेट्रो स्टेशनों पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से धमाके करने की धमकी भी दी गई है।
मेयर कार्यालय में दोपहर 1:11 बजे धमाके की धमकी
जानकारी के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में 26 नवंबर को दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर मेयर कार्यालय में बम धमाका करने की चेतावनी दी गई थी। ईमेल भेजने वाले ने दावा किया कि मुंबई में अगले 30 दिनों के दौरान अलग-अलग जगहों पर ग्रेनेड हमले किए जाएंगे।
ईमेल में मेट्रो स्टेशनों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसमें दावा किया गया कि 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मेट्रो स्टेशनों पर IED विस्फोट किए जा सकते हैं।
धमकी भरे ईमेल में महालक्ष्मी, जलसा, साइंस और आचार्य मेट्रो स्टेशनों पर IED लगाए जाने का दावा भी किया गया है। हालांकि, ईमेल में किए गए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे और 1984 के सिख विरोधी नरसंहार का भी उल्लेख किया गया है। इसके अलावा, खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा जैसे संगठनों के नाम भी शामिल किए गए हैं।
धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।