मुंबई में रहने वाले 21 वर्षीय आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया। पीड़ित लड़की ने पुलिस को बताया कि वह और आरोपी कुछ समय से रिलेशनशिप में थे।
Mumbai Girlfriend Rape : मायानगरी मुंबई में महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। अब साउथ मुंबई के नागपाड़ा (Nagpada) इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को धोखा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक का नाम सोहेल खान (21) है। पुलिस ने गर्लफ्रेंड की शिकायत के आधार पर सोहेल के खिलाफ बलात्कार, छेड़छाड़ और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
शिकायत के अनुसार, नागपाडा निवासी 21 वर्षीय सोहेल खान (Sohail Khan) अपनी गर्लफ्रेंड को कॉलेज से घर छोड़ने के बहाने साथ ले गया। कथित तौर पर खान अपनी गर्लफ्रेंड को उसके घर के बजाय भायखला के एक होटल में ले गया, जहां उसने उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ जबरन यौन संबंध बनाए।
पीड़ित युवती ने अपनी शिकायत में कहा कि वे दोनों रिलेशनशिप में थे और उनके माता-पिता उनकी शादी के लिए राजी हो गए थे। लेकिन उसके पिता की तबीयत ठीक नहीं थी। इसलिए परिवार ने कहा था कि पिता के ठीक होने के बाद दोनों की शादी करा देंगे। लेकिन सोहेल उसे होटल में ले गया और बलात्कार किया।
पीड़ित गर्लफ्रेंड ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसने दावा किया कि उसके मना करने के बावजूद आरोपी सोहेल बार-बार उस पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर सोहेल को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।