
82 FIR in Mumbai: दिवाली पर पटाखे फोड़ने का शौक मुंबई के कई लोगों को भारी पड़ गया। शहर में सार्वजनिक जगहों पर पटाखे जलाने और तय नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। 5 से 11 नवंबर के बीच मुंबई में ऐसे मामलों में 82 एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि 110 लोगों को नोटिस जारी किए गए। कार्रवाई की खास बात यह है कि इसमें केवल आम लोग ही नहीं, बल्कि डॉक्टर, कारोबारी, रियल एस्टेट डेवलपर, केमिस्ट, छात्र और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
मुंबई पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा कार्रवाई मालाबार हिल इलाके में हुई। यहां पटाखे फोड़ने के 16 मामले दर्ज किए गए। इसके बाद पवई में 11, गामदेवी में 7 और धारावी में 6 केस सामने आए। माहिम और शिवाजी पार्क में 5-5, जबकि बांद्रा और कुरार में 4-4 एफआईआर दर्ज की गईं।
इसके अलावा बांगुर नगर, गोरेगांव, पंत नगर और विक्रोली में 3-3 मामले दर्ज हुए। दादर, सहार और शाहू नगर में 2-2 केस सामने आए। आजाद मैदान, कालाचौकी, मानखुर्द, एमआरए मार्ग, एमआईडीसी और नेहरू नगर में भी पुलिस ने एक-एक एफआईआर दर्ज की।
दरअसल, सार्वजनिक जगहों पर पटाखे फोड़ने को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने सितंबर में आदेश जारी किया था। इसके तहत 6 अक्टूबर से 4 दिसंबर तक सार्वजनिक सड़कों, रास्तों और दूसरी जगहों पर पटाखे, आतिशबाजी, रॉकेट, लेजर लाइट और तेज रोशनी वाली बीम के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। मुंबई पुलिस और बीएमसी इस आदेश को लागू करा रहे हैं।
इसके अलावा, बीएमसी और मुंबई डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने 9 से 25 नवंबर तक रॉकेट और आसमान में छोड़े जाने वाले पटाखों पर अलग से पाबंदी लगाई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी है। मुंबई पुलिस कमिश्नर के आदेश में जुलूस के दौरान लाउडस्पीकर, तेज आवाज वाले उपकरण, म्यूजिक बैंड और हवाई पटाखों के इस्तेमाल पर भी रोक है।
पुलिस ने कुछ मामलों में पटाखों से पैदा हुए खतरे का भी जिक्र किया है। आजाद मैदान पुलिस ने कालबादेवी में तीन रॉकेट छोड़ने के आरोप में ड्राइवर अविनाश साहा (34) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। बताया गया कि ये रॉकेट सड़क से गुजर रही गाड़ियों और एक इमारत की दीवार से टकराए।
वहीं, बांद्रा में चेतावनी मिलने के बावजूद पटाखे फोड़ने के मामले में 24 वर्षीय पुष्कराज सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई। मालाबार हिल में केमिस्ट जितेंद्र यादव (25) और पवई में 19 वर्षीय छात्र श्रेयस किरकर को भी पाबंदियों का उल्लंघन कर पटाखे जलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सार्वजनिक जगहों पर पटाखे फोड़ने को लेकर इस बार नियमों को हल्के में नहीं लिया जा रहा है।