Mumbai News: मुंबई के स्टार्टअप क्लीनमैक्स के एमडी कुलदीप जैन ने NSE लिस्टिंग के दौरान 600 कर्मचारियों की तस्वीरों वाली खास जैकेट पहनकर मंच पर पहुंचकर यह संदेश दिया कि कंपनी की सफलता पूरी टीम की साझा उपलब्धि है।
Mumbai News:मुंबई स्थित एक स्टार्टअप के संस्थापक ने अपनी अनोखी पहल से इंटरनेट पर सबका ध्यान खींच लिया। क्लीनमैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर कुलदीप जैन ने कंपनी की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) में लिस्टिंग के मौके पर ऐसा कदम उठाया, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। कुलदीप जैन ने पारंपरिक सूट पहनकर अकेले मंच पर जाने के बजाय एक खास जैकेट पहनना चुना, जिस पर कंपनी के सभी 600 कर्मचारियों की तस्वीरें छपी थीं। इस प्रतीकात्मक अंदाज में उन्होंने यह संदेश दिया कि यह उपलब्धि सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरी टीम की है।
इस अनोखी जैकेट और इसके पीछे की मेहनत को लेकर क्लीनमैक्स की चीफ पीपल एंड कल्चर ऑफिसर श्वेता सजनानी ने एक बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो साझा किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। उन्होंने लिखा कि NSE के मंच पर दिखा वह पल जितना खास था, उससे कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण था इसके पीछे का सफर-600 तस्वीरों को इकट्ठा करना, कई दौर की डिजाइन प्रक्रिया और सीमित समय में इसे पूरा करना। वीडियो को सोशल मीडिया पर जबरदस्त सराहना मिली और यूजर्स ने इसे 'लोगों को पहले रखने की शानदार मिसाल' बताया।
कंपनी को बधाई देते हुए एनएसई ने भी अपने पोस्ट में कहा कि क्लीनमैक्स के फाउंडर और एमडी कुलदीप जैन ने लिस्टिंग के अपने अनुभव साझा करते हुए ‘विकसित भारत’ के विजन में एनएसई की भूमिका पर प्रकाश डाला। यह पहल कॉरपोरेट दुनिया में नेतृत्व और टीमवर्क की एक नई और प्रेरणादायक तस्वीर पेश करती है।