मुंबई

मुंबई : सास ने 3 लाख की सुपारी देकर कराई बहू की हत्या, कामवाली समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे किया पर्दाफाश

Ghatkopar murder case: मुंबई के घाटकोपर में सास ने 3 लाख रुपये की सुपारी देकर अपनी बहू की बर्बरता से हत्या करवा दी। पुलिस ने सीसीटीवी और कॉल डिटेल्स की मदद से सास, कामवाली और उसके परिवार समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
2 min read
Aug 20, 2026
Ghatkopar murder case
सास ने 3 लाख की सुपारी देकर कराई बहु की हत्या, फोटो सोर्स- IANS

Mumbai woman murder 3 lakh contract: मुंबई के घाटकोपर इलाके में 35 साल की सपना घांजी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौकाने वाला खुलासा किया है। दरअसल, शुरुआती जांच में हादसा बताकर छुपाने की कोशिश की गई यह घटना दरअसल सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दी गई हत्या निकली। पुलिस ने मुख्य आरोपी सास धनलक्ष्मी घांजी के अलावा उसकी कामवाली और उसके परिवार के तीन अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।

3 लाख रुपए में तय हुआ था हत्या का सौदा

इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 65 साल की सास धनलक्ष्मी घांजी ने अपनी बहू सपना की हत्या कराने के लिए अपनी कामवाली मंगला जाधव को 3 लाख रुपए का लालच दिया था। इस साजिश में मंगला के साथ उसका पति सुरेश, बेटी शिवानी (21) और बेटा साजन (19) भी शामिल हो गए। रविवार दोपहर सास धनलक्ष्मी विवाद सुलझाने के बहाने बहू के घर पहुंची और फिर कामवाली व उसके पूरे परिवार को घर के अंदर बुला लिया। आरोपियों ने पहले सपना की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, सिर पर कांच के गिलास से वार किया और फिर दुपट्टे से गला घोंटने की कोशिश की। इसके बाद आरोपियों ने गर्दन पर पैर रखकर उसकी जान ले ली।

बाथरूम में फिसलकर गिरने का रचा था नाटक

हत्या के बाद आरोपियों ने मामले को हादसे का रूप देने और सबूत मिटाने की कोशिश की। सोमवार रात सपना के परिजनों को बताया गया कि वह बाथरूम में फिसलकर गिर गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंची पंत नगर पुलिस टीम को सपना की गर्दन पर नीले-काले निशान और सिर से खून निकलने के निशान मिले, जिससे पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद पुलिस ने इमारत के CCTV फुटेज और फोन कॉल डिटेल्स की जांच शुरू की। संदिग्धों की आवाजाही और कॉल रिकॉर्ड्स की पड़ताल के बाद पुलिस को कई अहम सुराग मिले और धीरे-धीरे हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हो गया।

घरेलू विवाद और FIR बनी हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि धनलक्ष्मी अपनी बहू सपना से काफी नाराज और परेशान थी। बताया गया कि 2024 में सपना ने नालासोपारा पुलिस स्टेशन में अपने ससुराल वालों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में सपना अपने पति और बेटे के साथ दुबई गई थी और जून में अकेले वापस लौटी थी। उसके लौटने के बाद सास ने कथित तौर पर उस पर विवाहेतर संबंध और शराब की लत जैसे आरोप लगाए, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस ने इस मामले में सास धनलक्ष्मी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और सभी से पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
20 Aug 2026 12:36 pm
Published on:
20 Aug 2026 12:20 pm