मुंबई

Mumbai Rains: मूसलधार बारिश से पानी-पानी हुई मायानगरी, लोकल सेवाएं प्रभावित, पुलिस ने कहा- बहुत जरूरी हो तो ही घर से बाहर निकलें

Mumbai Rain Alert: मुंबई के विभिन्न इलाकों में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में आज रात से भारी बारिश जारी है, जिसके कारण निचले इलाकों में जलभराव से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

2 min read
Jul 25, 2025
Mumbai monsoon 2024
मुंबई में भारी बारिश

मुंबई में शुक्रवार रात से ही हो रही तेज बारिश ने एक बार फिर शहर की रफ्तार को धीमा कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 3-4 घंटों में मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पुणे जिलों के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में मूसलधार बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और बेवजह बाहर न निकलने की अपील की है। भारी बारिश के कारण मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे की कई सड़कें जलमग्न हो गयीं है।

समुद्र में उठेंगी ऊंची लहरें, किनारों से दूर रहें

मुंबई में बारिश के साथ ही समुद्र भी उफान पर है। आज दोपहर 12:38 बजे शहर में 4.64 मीटर ऊंची लहरों के साथ हाई-टाइड आने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने मुंबईकरों से अपील की है कि वे समुद्र किनारों पर जाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

लोकल ट्रेनें लेट

भारी बारिश के कारण सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। मेन लाइन की लोकल ट्रेनें करीब 10-12 मिनट की देरी से चल रही हैं। हार्बर लाइन की ट्रेनें भी 7-8 मिनट देरी से चल रही हैं। हालांकि लोकल ट्रेनों की आवाजाही जारी है। कम दृश्यता के कारण ट्रेनें धीमी गति से चलाई जा रही हैं। हालांकि वेस्टर्न लाइन पर लोकल ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं।

अंधेरी सबवे बंद

जलभराव से शहर के कई अहम मार्गों पर भारी यातायात जाम भी देखने को मिल रहा है। भांडुप पश्चिम के एलबीएस रोड स्थित पन्नालाल कंपाउंड में सड़क पर लगभग आधा फुट पानी जमा हो जाने के कारण यातायात धीमी गति से चल रहा है।

मुंबई के अंधेरी पश्चिम और पूर्व को जोड़ने वाला प्रमुख सबवे पुल एक बार फिर भारी बारिश के चलते पानी में डूब गया है। आज सुबह लगभग डेढ़ फीट पानी भर जाने के कारण अंधेरी सबवे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। यातायात को गोखले ब्रिज और ठाकरे ब्रिज के रास्ते डायवर्ट किया गया है। यहां से हर दिन हजारों लोग गुजरते है, लेकिन बारिश के मौसम में अक्सर जलभराव की समस्या से यह रास्ता बंद हो जाता है।

‘घर में रहें’, मुंबई पुलिस की अपील

मुंबई पुलिस ने शहरवासियों से अपील कि है की "भारी बारिश के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नागरिकों से अनुरोध है कि बेहद जरूरी काम हो तभी घर से बाहर निकलें, समुद्री इलाकों से दूर रहें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में 100/112/103 पर संपर्क करें। हमारे अधिकारी और स्टाफ पूरी तरह अलर्ट पर हैं।"

Updated on:
25 Jul 2025 12:21 pm
Published on:
25 Jul 2025 12:19 pm