13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

370 की बिरयानी टिप्पणी से भी घिनौना और भद्दा मजाक करने वाले कॉमेडियन ने छोड़ा सोशल मीडिया, मधुर विरली का पुराना वीडियो वायरल

Madhur Virli Joke Controversy: कॉमेडियन प्रणित मोरे के 370 वाली बिरयानी विवाद के बाद अब एक और कॉमेडियन का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

2 min read
Google source verification
370 Biryani Controversy

370 Biryani Controversy (सोर्स- @rj_pranit)

370 Biryani Controversy: स्टैंड-अप कॉमेडी की दुनिया इन दिनों लगातार विवादों के केंद्र में बनी हुई है। हाल ही में '370 रुपये की बिरयानी' वाले बयान को लेकर कॉमेडियन प्रणित मोरे सुर्खियों में आए थे। उस मामले पर देशभर में बहस अभी थमी भी नहीं थी कि अब एक और कॉमेडियन विवादों के घेरे में आ गए हैं। इस बार सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा स्टैंड-अप कॉमेडियन मधुर विरली के खिलाफ फूटा है, जिनका एक पुराना वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मधुर विरली के कॉमेडी शो का क्लिप हुआ वायरल

वायरल क्लिप में मधुर विरली एक कॉमेडी शो के दौरान महिलाओं के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों पर टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर आलोचनाओं की बाढ़ आ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने इसे कॉमेडी नहीं बल्कि संवेदनशील मुद्दों का मजाक उड़ाना बताया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि नेटिजन्स ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) तक को टैग करना शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग उठने लगी।

पुराना वीडियो बना नए विवाद की वजह

बताया जा रहा है कि ये वीडियो कोई नया नहीं बल्कि मधुर विरली के पुराने स्टैंड-अप शो का हिस्सा है। हालांकि सोशल मीडिया पर दोबारा सामने आने के बाद इसने नई बहस छेड़ दी है। वीडियो में कॉमेडियन गंभीर अपराधों को लेकर ऐसी बातें करते सुनाई देते हैं, जिन्हें कई लोगों ने बेहद आपत्तिजनक और असंवेदनशील करार दिया।

वीडियो वायरल होते ही एक्स, इंस्टाग्राम और दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर हजारों लोगों ने नाराजगी जाहिर की। कई यूजर्स ने लिखा कि मनोरंजन और कॉमेडी के नाम पर अपराध पीड़ितों की पीड़ा का मजाक बनाना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

NCW को टैग कर कार्रवाई की मांग

विवाद बढ़ने के साथ सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने राष्ट्रीय महिला आयोग को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराने की मांग की। कुछ लोगों ने लिखा कि यदि दूसरे मामलों में कार्रवाई हो सकती है तो इस तरह की टिप्पणियों को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

कई पोस्ट में ये सवाल भी उठाया गया कि आखिर ऐसे विषयों पर आधारित कंटेंट को दर्शकों से तालियां और हंसी कैसे मिल जाती है। यूजर्स ने कॉमेडी इंडस्ट्री की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि लोकप्रियता की दौड़ में कुछ कलाकार सामाजिक संवेदनशीलता भूलते जा रहे हैं।

बढ़ते विरोध के बीच डीएक्टिवेट किया अकाउंट

विवाद ने उस समय और ज्यादा तूल पकड़ लिया जब लोगों ने देखा कि मधुर विरली का सोशल मीडिया अकाउंट अचानक गायब हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, लगातार ट्रोलिंग और आलोचना के बाद कॉमेडियन ने अपना सोशल मीडिया अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया है।

हालांकि अकाउंट बंद होने के बावजूद उनके पुराने वीडियो और क्लिप्स लगातार शेयर किए जा रहे हैं। इससे विवाद और भी तेजी से फैल गया है। फिलहाल कॉमेडियन की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

प्रणित मोरे विवाद के बाद बढ़ी जांच

दिलचस्प बात ये है कि ये विवाद ऐसे समय सामने आया है जब प्रणित मोरे के शो से जुड़े '370 की बिरयानी' मामले को लेकर पहले से ही कानूनी और सामाजिक बहस चल रही है। उस मामले में भी सोशल मीडिया पर भारी विरोध देखने को मिला था और कार्रवाई की मांग उठी थी।

ऐसे में लगातार सामने आ रहे विवादों ने स्टैंड-अप कॉमेडी की सीमाओं को लेकर एक नई बहस शुरू कर दी है। क्या कॉमेडी के नाम पर किसी भी विषय का इस्तेमाल किया जा सकता है, या फिर कुछ सामाजिक और नैतिक सीमाएं भी होनी चाहिए? यह सवाल एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है।