
Taxi Driver Negligence: ट्रैफिक सिग्नल तोड़कर गाड़ी चलाने की एक गलती किसी की पूरी जिंदगी बदल सकती है। मुंबई के मरीन ड्राइव पर 8 साल पहले हुए एक हादसे में 16 साल का छात्र गौतम झा गंभीर रूप से घायल हो गया था। वह पैदल चलने वालों के लिए हरी बत्ती होने पर जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार कर रहा था। तभी लाल बत्ती पार करके आई एक तेज रफ्तार टैक्सी ने उसे टक्कर मार दी। अब इस मामले में मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (MACT) ने टैक्सी चालक को जिम्मेदार ठहराते हुए गौतम को 1.15 करोड़ रुपए से ज्यादा मुआवजा देने का आदेश दिया है।
यह हादसा 1 जुलाई 2018 को दोपहर करीब 1 बजे हुआ था। कांदिवली का रहने वाला गौतम उस समय 16 साल का था। वह अपने दोस्तों के साथ मरीन ड्राइव पर कैवल्यधाम सिग्नल के पास एनएस रोड पार कर रहा था। पैदल यात्रियों के लिए सिग्नल हरा था और गौतम जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार टैक्सी ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद उसे जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में पता चला कि उसके दिमाग में गंभीर चोट आई है। इसका असर उसकी याददाश्त और शरीर पर भी पड़ा। शरीर का दाहिना हिस्सा कमजोर हो गया और चलने-फिरने में परेशानी होने लगी।
मामले की सुनवाई के दौरान बीमा कंपनी ने दावा किया कि हादसे में गौतम की भी गलती थी। हालांकि, न्यायाधिकरण ने इस दलील को नहीं माना। उसने कहा कि जब पैदल यात्रियों के लिए सिग्नल हरा था, तब सड़क पार करने वाले छात्र को इस हादसे के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
मेडिकल रिपोर्ट में गौतम की स्थायी शारीरिक दिव्यांगता 40 प्रतिशत बताई गई थी। लेकिन न्यायाधिकरण ने उसके जीवन पर पड़े असर को भी ध्यान में रखा। चोट के कारण उसकी याददाश्त कमजोर हुई, पढ़ाई प्रभावित हुई और भविष्य में नौकरी पाने की संभावनाओं पर भी असर पड़ा। इसी आधार पर उसकी कार्यात्मक दिव्यांगता 80 प्रतिशत मानी गई।
न्यायाधिकरण ने टैक्सी चालक की लापरवाही को हादसे की वजह माना। साथ ही बीमा कंपनी की दलीलों को खारिज करते हुए गौतम झा को 1.15 करोड़ रुपए से अधिक मुआवजा देने का आदेश दिया।
फैसले में यह भी साफ हुआ कि किसी हादसे में मुआवजा तय करते समय सिर्फ शरीर को लगी चोट नहीं देखी जाती, बल्कि यह भी देखा जाता है कि उस घटना ने पीड़ित की पढ़ाई, काम करने की क्षमता और पूरी जिंदगी को कितना प्रभावित किया है।