
कल्याण. राम मंदिर मुद्दे पर सुप्रीमकोर्ट की ऐतिहासिक फैसला आने से पहले ही पुलिस प्रशासन की ओर से जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। कल्याण के आसपास शहाड़, दुर्गाडी किला, विठ्ठलवाड़ी और शीलफाटा रोड पर वाहनों की चेकिंग और निगरानी रखी गई थी। कल्याण और डोंबिवली में पुलिस उपायुक्त के निर्देशानुसार प्रत्येक चौक-चौराहों पर पुलिस बंदोबस्त किया गया था ताकि कोर्ट के फैसले के बाद कोई अप्रिय घटना न हो।दोपहर को कोर्ट का फैसला आने के बाद लोगों ने स्वीकार किया और कहीं कोई घटना नहीं हुई। फैसले के बाद पत्रिका टीम ने हिंदू, मुस्लिम और सिख-ईसाई सभी समुदाय के लोगों से बातचीत की।
राम मंदिर में उमड़ी भीड़
मुंबई. अयोध्या में विवादित स्थान पर राम मंदिर बनाए जाने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भगवान राम के मंदिरों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 10.30 बजे जब सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई ने फैसला पढऩा शुरू किया तब लोग टीवी के सामने बैठकर पल-पल की खबर लेते रहे। फैसले से लोग उत्साहित होकर मंदिरों में पहुंचे। वडाला के श्री राम मंदिर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर आरती किए। दादर के कबूतरखाना के पास श्रीराम मंदिर में भी बड़ी संख्या में लोगों ने पूजन-अर्चना किया। गोरेगांव के राम मंदिर पर भगवान राम की विशेष पूजा के बाद लोगों में प्रसाद वितरित किया गया।
अयोध्या फैसले को लेकर ठाणे में कड़ी सुरक्षा, जिले में शांति का वातावरण
ठाणे. अयोध्या में रामजन्मभूमि पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसला आने के बाद ठाणे में शांति का वातावरण रहा। प्रशासन की पुख्ता तैयारियों के बीच कहीं से भी कोई अप्रिय खबर नहीं आई। ठाणे जिले में पुलिस आयुक्त विवेक फनसलकर के निर्देश पर सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त किया गया था। ठाणे के मंदिर, मस्जिद, राजकीय पक्ष के कार्यालय, संवेदनशील ठिकानों, रेलवे स्टेशन, बस डिपो और अन्य सार्वजनिक जगहों पर पुलिस के जवानों की तैनाती रही। सोशल मीडिया पर भी धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे, इसके लिए नजर रखी गई।
रेलवे स्टेशन पर खास नजर
रेलवे स्टेशन पर व रेलवे पुलिस के साथ दंगा नियंत्रण पुलिस वैन तैनात की गई थी। भीड़ का फायदा उठाकर कोई भी सौहार्द न बिगाड़ सके उसके लिए मुंब्रा, राबोड़ी इन मुस्लिम बाहुल्य इलाकों के साथ ही कलवा, हजूरी में मुस्लिम बस्तियों के पास भी राज्य रिजर्व पुलिस बल, होमगाड्र्स, रैपिड एक्शन फोर्स और दंगा नियंत्रण दल की तैनाती भी की गई थी। उसके साथ ही शहर के अन्य ठिकानों पर भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रखे गए।
नवी मुंबई में भाईचारे का मिसाल पेश किया
नवी मुंबई. पुलिस के आह्वान का फैसले के दिन व्यापक असर हुआ। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर अफवाह नहीं फैले इसके लिए कई दिनों से लोगों से अपील कर माहौल बनाया था। फैसला आने से पहले ही पुलिस बल सतर्क हो गई थी। साथ ही जगह-जगह पुलिस के जवान भी तैनात किए गए थे। लेकिन नवी मुंबई में जिस तरह से नागरिकों ने शांति व्यवस्था बनाए रखा, कहीं भी किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आने दिया, इससे जहां पुलिस बल का उत्साह बढ़ा है तो वहीं यहां के नागरिकों ने सर्वोच्चतम न्यायालय के फैसले का सम्मान भी किया है।
पुलिस उपायुक्त पंकज डहाणे ने बताया कि नवी मुंबई परिमंडल-1 में लगभग एक हजार पुलिस जवानों को तैनात किया गया था, परंतु यहां के नागरिकों ने अपनी सरलता का परिचय देते हुए भाईचारे का संदेश दिया है। नवी मुंबई में किसी भी प्रकार से तनाव की स्थिति नहीं है। फिर भी शहर के अन्य क्षेत्रों मुख्य चौराहों, गलियों, जैसे वाशी सेक्टर-9, तुर्भे, कोपर खैरने, घनसोली, नेरुल, सानपाड़ा जैसे परिसर में पुलिस बल मुस्तैद थी।