मुंबई

Mumbai News: नवरात्रि के पहले दिन मुंबा देवी मंदिर में लगा भक्तों का मेला, जानें कितने बजे तक कर सकते हैं दर्शन

आज नवरात्री का पहला दिन है। इस अवसर पर मुंबई के मुंबा देवी मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन मां की एक झलक पाने के लिए भक्तों का मेला लगा हुआ है। वहीं, मंदिर प्रशासन के मुताबिक रात 11 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।

2 min read
Sep 26, 2022
mumba_devi_temple.jpg
Mumba Devi Temple

आज से नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि का पर्व शुरू हो गया है। आज देश भर के मंदिरों में देवी दुर्गा की पूजा अराधना की जा रही है। आज सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ लगी हुई है। ऐसे में मुंबई का मुंबा देवी मंदिर भी दुर्गा मां के जयकारों से गूंज उठा है। यहां सुबह से ही भक्तों भीड़ उमड़ी हैं। भक्त घंटों लाइन में लग कर मां के दर्शन कर रहे है।

वहीं, दूसरी तरफ भक्तों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन की ओर से पर्याप्त बंदोबस्त भी किए गए हैं। श्री मुंबा देवी मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक हेमंत जाधव ने बताया कि मंदिर के पट नवरात्र के पहले दिन सुबह 5:30 बजे मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। घट स्थापना प्रात: 6:30 मिनट से 7 बजे के बीच हुई। नवरात्रि के पूरे नौ दिन 25 पंडितों द्वारा मंदिर में दुर्गा सप्तशती का पाठ भी किया जाएगा। यह भी पढ़ें: Mumbai News: बीजेपी को गरबा से बीएमसी चुनाव में बड़ी जीत की उम्मीद, नवरात्रि में ‘मराठी डांडिया’ का आयोजन

हेमंत जाधव ने ये भी बताया कि मंदिर का पट भक्तों के लिए रात को 11 बजे तक खुला रहेगा। 4 अक्टूबर को नवमी का हवन सुबह 6 बजे से शुरू होगा और दोपहर के 1:30 मिनट के आसपास पूर्णाहुति दी जाएगा। वहीं उन्होंने भक्तों से अपील की कि नवरात्र के दौरान मंदिर में दर्शन करने आ रहे श्रद्धालु अपने साथ बैग आदि कोई वस्तु साथ न लाएं।

मुंबा देवी मंदिर का इतिहास: बता दें कि मुंबई का नाम मुंबा यानी मुंबा देवी के नाम से ही बना है। इस मंदिर का इतिहास करीब 400 साल पुराना है। लोगों का कहना है कि ये मंदिर मछुआरों द्वारा स्थापित किया गया है। उनका मानना था कि मुंबा देवी समुद्र से उनकी रक्षा करती हैं। मुंबा देवी मंदिर को बनाने के लिए पांडू सेठ ने जमीन दान की थी। इसलिए सालों तक उनका परिवार ही मंदिर की देख-रेख करता रहा था। जिसके बाद बॉम्बे हाईकोर्ट ने फैसला देते हुए कहा कि अब मंदिर की देख-रेख मुंबा देवी मंदिर न्यास करेगा। मां मुंबा हर दिन अलग-अलग वाहनों पर सावर होती है जिन्हें चांदी से बनाया गया है। इस मंदिर में रोजाना 6 बार आरती की जाती है।

Published on:
26 Sept 2022 03:33 pm