मुंबई

हीरोपंती पड़ी भारी! मुंबई में 2 लड़कियों के बीच बैठकर लड़के ने बाइक पर किया स्टंट, गिरफ्तार

Mumbai Viral Video Case: वीडियो वायरल होने के बाद बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था और उन्हें पकड़ने के लिए टीम गठित की गई।

less than 1 minute read
Apr 03, 2023
mumbai_bkc_stunts_video.jpg
मुंबई में खतरनाक स्टंट करने वाला युवक गिरफ्तार

Mumbai Bike Stunts Video: मुंबई (Mumbai News) में सार्वजनिक रूप से खतरनाक बाइक स्टंट (Bike Stunt) करने के आरोप में एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने कहा कि आरोपी फैयाज कादरी (Faiyaz Qadri) को बीकेसी पुलिस (BKC Police) ने साकीनाका (Saki Naka) इलाके से पकड़ा है।

मुंबई पुलिस ने दो लड़कियों के साथ अपने बाइक पर खतरनाक स्टंट करने के आरोप में 24 वर्षीय फैयाज कादरी को गिरफ्तार किया है। 30 मार्च को आरोपी का बाइक पर 'व्हीली' स्टंट (Wheelie Stunt) करने वाला वीडियो वायरल हुआ था। यह भी पढ़े-Mumbai: मानखुर्द में 11 साल की बच्ची से रेप, दिंडोशी में पुलिस अधिकारी की पत्नी से छेड़छाड़

वीडियो में दिख रहा है कि एक लड़का बिना हेलमेट के दो लड़कियों के बीच बैठा है और तेज रफ्तार बाइक पर स्टंट करता है। वीडियो सामने आने के बाद 31 मार्च को फैयाज और वीडियो में दिख रही दोनों लड़कियों के खिलाफ बीकेसी पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 308 (गैर इरादतन हत्या करने का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ एन्टॉप हिल (Antop Hill) और वडाला टीटी (Wadala TT) थानों में मामले दर्ज हैं। घटना शहर के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) इलाके में दिसंबर 2022 हुई थी।

अधिकारी के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया और उन्हें पकड़ने के लिए टीम गठित की गई। गुप्त सूचना के बाद आरोपी को रविवार को दबोच लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी दोनों लड़कियों का पता लगाया जा रहा है।

Published on:
03 Apr 2023 02:08 pm