मुंबई

फिर प्रदर्शन किया तो 50 ग्राम ड्रग्स जेब में रख दूंगा… छात्रों को धमकी देने वाला पुलिसकर्मी सस्पेंड, राज ठाकरे बोले- पुलिस भी पाउडर वाली हो गई?

Mumbai Police Drug Threat Video: मुंबई में प्रदर्शनकारी छात्रों को ड्रग्स मामले में फंसाने की धमकी देने वाला पुलिसकर्मी निलंबित कर दिया गया है। इस पर मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या पुलिस ड्रग सप्लायर बन गई है?
2 min read
Jul 23, 2026
Mumbai Police Drug Threat
राज ठाकरे का तंज- क्या अब पुलिस भी ड्रग सप्लायर बन गई है? (Photo: X/IANS)

Raj Thackeray Mumbai Police: परीक्षा में गड़बड़ियों और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में मुंबई के कई हिस्सों में छात्र सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे है। इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने मुंबई पुलिस को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर हिरासत में लिए गए छात्र प्रदर्शनकारियों को दोबारा आंदोलन में शामिल होने पर उनकी जेब में मादक पदार्थ (ड्रग्स) रखकर झूठे केस में फंसाने और जिंदगीभर जेल भेजने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

क्या है वायरल वीडियो में?

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में पुलिस वाहन के अंदर कुछ छात्र प्रदर्शनकारी बैठे दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि छात्रों के प्रदर्शन से नाराज एक पुलिसकर्मी उन्हें धमकी देते हुए कहता है कि अगर वे दोबारा आंदोलन में दिखाई दिए तो उनकी जेब में 50 ग्राम 'पाउडर' (ड्रग्स) डालकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा। फिर पूरी जिंदगी जेल में बितानी पड़ेगी।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है और इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

मुंबई पुलिस ने दिए जांच के आदेश

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले वीडियो और तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा। अधिकारी के अनुसार, जांच पूरी होने तक संबंधित पुलिसकर्मी (वाहन चालक) को उसकी वर्तमान तैनाती से हटा दिया गया है।

छात्र आंदोलन के दौरान हिरासत में लिए गए थे प्रदर्शनकारी

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में मुंबई में भी लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी दौरान कई छात्र प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। वायरल वीडियो कथित तौर पर उसी दौरान पुलिस वाहन के अंदर रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है।

गौरतलब हो कि मुंबई पुलिस ने 18 जुलाई से चल रहे विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होने और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में 13 प्राथमिकी दर्ज की हैं और 400 लोगों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि शिवाजी पार्क, चैत्यभूमि, चेंबूर और शिवसेना भवन समेत कई जगहों पर प्रदर्शन किए गए, लेकिन इसके लिए कोई इजाजत नहीं ली गई थी। मुंबई पुलिस ने शांति भंग होने और सार्वजनिक व्यवस्था में खलल पड़ने की आशंका के चलते 6 अगस्त तक सार्वजनिक स्थानों पर पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगाने वाला आदेश जारी किया हैं।

राज ठाकरे ने उठाए सवाल

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने भी इस वायरल वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वीडियो सही है तो यह बेहद गंभीर मामला है। राज ठाकरे ने तंज कसते हुए कहा, "क्या अब पुलिस के पास भी पाउडर (ड्रग्स) उपलब्ध रहने लगा है? अगर कोई पुलिसकर्मी कह रहा है कि वह किसी की जेब में 50 ग्राम पाउडर डाल देगा, तो क्या पुलिस अब ड्रग सप्लायर बन गई है?"

Updated on:
23 Jul 2026 05:47 pm
Published on:
23 Jul 2026 04:39 pm