मुंबई

Maharashtra: खोपोली हादसे के बाद एक्शन में सीएम शिंदे, पीड़ितों से मिले, दिया ये आदेश

Maharashtra Bus Accident: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे की जानकारी मिलते ही रायगढ़ कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर संपर्क कर घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
2 min read
Apr 15, 2023
khopoli_bus_accident_cm_shinde.jpg
खोपोली बस हादसे के पीड़ितों से मिले सीएम शिंदे

Khopoli Bus Accident: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के खोपोली में आज तड़के एक निजी बस के खाई में गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना ओल्ड मुंबई-पुणे हाईवे पर खोपोली इलाक़े में हुई। हादसे के बाद महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde in Khopoli) ने अधिकारियों से बात कर उचित निर्देश दिए और प्रत्‍येक मृतक के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने और घायलों को सरकारी अस्‍पताल में मुफ्त इलाज कराने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे की जानकारी मिलते ही रायगढ़ कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर संपर्क कर घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए घायलों को सरकारी खर्चे पर तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये। बाद में सीएम शिंदे खुद भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया। इसके दौरान उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात भी की। यह भी पढ़े-मुंबई-पुणे हाईवे पर खोपोली के पास बस खाई में गिरी, 13 की मौत, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

सीएम शिंदे ने कहा, "यह बहुत ही दुखद घटना घटी है। पुलिस इसके कारणों की जांच करेगी। ऐसी घटना दोबारा ना हो इसके लिए निवारक कार्रवाई की जाएगी। इस दुर्घटना में जिन लोगों की मृत्यु हुई उनके परिवारजनों को सरकार की तरफ से 5 लाख रुपए का मुआवज़ा दिया जाएगा। ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उस पर कार्य किया जाएगा। मैंने खुद इसको लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की है।” हादसे के पीछे की असल वजह का पता लगाने के लिए जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

पुणे से मुंबई जा रही एक निजी बस रायगढ़ जिले में हाईवे पर घाट में स्थित शिंगरोबा मंदिर के पास तड़के करीब चार बजकर 50 मिनट पर खाई में गिर गई। एक अधिकारी ने कहा, बस में गोरेगांव के ‘बाजी प्रभु वादक ग्रुप’ के सदस्य सवार थे। वे पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड इलाके में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मुंबई लौट रहे थे। बस शुक्रवार को देर रात करीब एक बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना हुई थी।

रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमनाथ घार्गे (Somnath Gharge) ने बताया कि हताहतों की उम्र 18 से 25 साल के बीच है। घायल हुए 18 लोगों को एमजीएम अस्पताल में, 10 लोगों को खोपोली और एक पीड़ित को जकोटिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Published on:
15 Apr 2023 05:56 pm