
शरद पवार और पीएम नरेंद्र मोदी (Photo: IANS/File)
Sharad Pawar Health Update: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उनकी सेहत का हाल जाना। इस दौरान पीएम मोदी ने उनसे आराम करने और अपनी सेहत का ध्यान रखने की अपील की। शरद पवार के करीबी सहयोगी विठ्ठल मणियार के मुताबिक, बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने 85 वर्षीय पवार से कहा कि सुप्रिया सुले और हम देश संभाल लेंगे, आप अपनी सेहत का ध्यान रखिए और आशीर्वाद बनाए रखिए।
सुप्रिया सुले शरद पवार की इकलौती बेटी हैं और बारामती से लोकसभा सदस्य और एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष हैं। पीएम मोदी और शरद पवार की इस बातचीत के सामने आने के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर शरद गुट के एनडीए में शामिल होने को लेकर अटकलें लगने लगी हैं।
शरद पवार के करीबी विठ्ठल मणियार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह फोन कर शरद पवार की तबीयत के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बेहद सम्मानपूर्वक उनकी सेहत का हाल पूछा और उन्हें आराम करने की सलाह दी।
मणियार के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार से कहा, "सुप्रिया और हम देश संभाल लेंगे, आप अपनी सेहत का ध्यान रखिए। आराम कीजिए और हमें आपका आशीर्वाद मिलता रहे।" इस पर वरिष्ठ नेता शरद पवार ने जवाब दिया कि वह आराम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब आप सभी लोग मौजूद हैं तो उन्हें देश की चिंता करने की जरूरत नहीं है। शरद पवार ने फोन कर उनकी सेहत का हाल जानने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार भी जताया।
विठ्ठल मणियार ने बताया कि डॉक्टरों ने शरद पवार को अपने दौरे और यात्राएं कम करने की सलाह दी है। उन्हें अपनी दिनचर्या और खानपान पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है। डॉक्टरों ने उम्मीद जताई कि आराम और बेहतर खानपान से शरद पवार की कमजोरी धीरे-धीरे दूर होगी। डॉक्टरों ने उन्हें अगले दो-चार दिन आराम करने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि सीने में दर्द और कमजोरी महसूस होने के बाद शरद पवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनकी विभिन्न जांचें की गईं। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद बुधवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद शरद पवार के बारामती स्थित आवास जाने की चर्चा थी, लेकिन वह बेटी सुप्रिया सुले के साथ सीधे मुंबई रवाना हो गए। अब वह मुंबई स्थित अपने आवास सिल्वर ओक में आराम करेंगे।
बता दें कि शरद पवार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई इस बातचीत के बाद महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर दोनों एनसीपी गुटों के विलय और भाजपा नीत एनडीए गठबंधन में शामिल होने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
Updated on:
4 Nov 2026, 2:00 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 1:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.