मुंबई

होली के दिन मुंबई के घाटकोपर में हुआ बड़ा हादसा, 2 बाइक सवार समेत 3 की मौत

Mumbai Ghatkopar Accident: तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पर पैदल चल रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई।

less than 1 minute read
Mar 25, 2024
police_mumbai.jpg

होली के दिन मुंबई के घाटकोपर इलाके में भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इस भयानक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के घाटकोपर में तेज रफ्तार दोपहिया वाहन ने सड़क पर चल रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवकों और पैदल चल रहे शख्स की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान समीर मुस्तफा, मुजफ्फर बादशाह और सुरेश के तौर पर हुई है। मुस्तफा और बादशाह की उम्र महज 19 साल थी और दोनों साकीनाका इलाके में रहते थे। हादसे के समय मुस्तफा बाइक चला रहा था और बादशाह पीछे बैठा था। उनकी बाइक ने सुरेश को टक्कर मारी। यह भी पढ़े-होली से पहले मुंबई में दर्दनाक हादसा, खदान में डूबे दो लोग, नाले में गिरने से 1 की मौत

एक अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना आज सुबह करीब 4 बजे घाटकोपर (पश्चिम) में एलबीएस रोड पर साई होटल के पास हुई। दोनों बाइक सवार तेज रफ्तार में साकीनाका के अशोक नगर इलाके से आ रहे थे और दक्षिण की ओर जा रहे थे।

साईं होटल से गुजरते समय मुस्तफा ने बाइक पर से नियंत्रण खो दिया और सुरेश से टकरा गया। हादसे के समय सुरेश सार्वजनिक शौचालय जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक 70-80 मीटर तक घिसटने के बाद रुकी।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन कर हादसे की जानकारी दी। तीनों पीड़ितों को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घाटकोपर पुलिस ने मृतक बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Published on:
25 Mar 2024 09:45 pm