कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं के इशारे पर हजारों करोड़ रुपये की जमीन छीनी जा रही है। बड़े प्रोजेक्ट्स महाराष्ट्र से गुजरात शिफ्ट हो रहे है।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह द्वारा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के संस्थापक और वरिष्ठ नेता शरद पवार को भ्रष्टाचार का सरगना कहे जाने पर महाराष्ट्र का सियासी पारा हाई हो गया है। इसके लिए विपक्ष एक सुर में बीजेपी की आलोचना कर रहा है। अब महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने बीजेपी पर कटाक्ष किया है।
नाना पटोले ने बीजेपी नेता अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए सोमवार को कहा, "2014 में एनडीए सरकार ने ही शरद पवार को पद्म विभूषण से सम्मानित किया था और अब वे ही उन्हें भ्रष्टाचार का सरदार कह रहे हैं। भ्रष्टाचार के सबसे बड़े सरदार खुद मोदी हैं।"
कांग्रेस प्रमुख ने दावा किया कि बीजेपी को महाराष्ट्र में सत्ता खोने का डर सता रहा है। उन्होंने कहा, ''इस डर के कारण वह सत्ता खोने से पहले मराठों को परेशान कर रहे है। बीजेपी के 105 विधायकों को चुनना अब महाराष्ट्र के लोगों को एक गलती लगने लगी है. बीजेपी राज्य और केंद्र दोनों जगह सत्ता में हैं, फिर भी वे मराठों को आरक्षण क्यों नहीं दे रहे हैं?''
उन्होंने कहा, "बीजेपी नेताओं के इशारे पर हजारों करोड़ रुपये की जमीन छीनी जा रही है। बड़ी परियोजनाएं महाराष्ट्र से गुजरात जा रही हैं।"
बता दें कि महाराष्ट्र के पुणे में रविवार को बीजेपी सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने शरद पवार पर तीखा हमला बोला था और उन पर भ्रष्टाचार को संस्थागत करने का आरोप लगाया था। उन्होंने सीनियर पवार पर सत्ता में रहते हुए देश तथा महाराष्ट्र के कल्याण के लिए कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाया।
बीजेपी के राज्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘‘भारतीय राजनीति में भ्रष्टाचार का कोई सबसे बड़ा सरगना है, तो शरद पवार हैं। मेरे दिमाग में इस बारे में कोई संशय नहीं है। मैं खुलकर कह रहा हूं कि पवार ने देश में भ्रष्टाचार को संस्थागत बनाया।’’
हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन काफी खराब रहा। महाराष्ट्र में बीजेपी ने 2019 में 23 लोकसभा सीटें जीती थीं, जो इस बार सिर्फ 9 पर सिमट गईं।
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, बीजेपी और अजित पवार नीत एनसीपी शामिल हैं। महायुति को 48 में से 17 लोकसभा सीटों पर ही जीत मिली। वहीं, कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (शरद पवार) के महाविकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन ने 30 सीट पर जीत हासिल की। ‘महायुति’ के सभी दल ‘एनडीए’ और ‘एमवीए’ के सभी दल ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है।