NCP Bhaskar Vichare Passes Away: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) के महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष और श्री सिद्धिविनायक गणपती मंदिर के ट्रस्टी भास्कर (दाजी) विचारे का निधन हो गया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रभादेवी स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर के ट्रस्टी भास्कर विचारे का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर सामने आते ही पार्टी और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं ने इसे एक अपूरणीय क्षति बताया है। श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भास्कर विचारे का समाजसेवा में योगदान और पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देने में अहम भूमिका निभाई।
महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि भास्कर विचारे उनके लिए सिर्फ एक वरिष्ठ नेता नहीं, बल्कि मार्गदर्शक थे। उन्होंने कहा कि सामाजिक और राजनीतिक जीवन में विचारे ने हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी और एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई।
तटकरे ने यह भी कहा कि उनके परिवार और विचारे परिवार के बीच संबंध सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि व्यक्तिगत और भावनात्मक थे। उनके निधन से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे भर पाना मुश्किल होगा।
मुंबई के अणुशक्ति नगर से एनसीपी (अजित पवार) विधायक सना मलिक ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि भास्कर विचारे का निधन बेहद दुखद है और उनका सामाजिक योगदान तथा पार्टी के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
गौरतलब हो कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में भास्कर विचारे को एक निष्ठावान नेता और कुशल संगठनकर्ता के रूप में जाना जाता था, जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा और पार्टी की मजबूती के लिए समर्पित कर दिया। उनकी पहचान एक ऐसे नेता के तौर पर थी जो हमेशा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते थे। सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी के रूप में भी उन्होंने कई सामाजिक कार्यों को गति दी। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने कहा है कि उनका निधन महाराष्ट्र के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है।